हाथरस केस: वकील सीमा कुशवाहा ने आरोपियों के जेल से चिट्ठी लिखने पर उठाए सवाल, कही ये बात
हाथरस। हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने गुरुवार को वकील सीमा कुशवाहा उनके घर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने आरोपियों के जेल से चिट्ठी लिखने को लेकर सवाल उठाया है। सीमा कुशवाहा ने कहा कि देश में आरोपी कब से चिट्ठी लिखने लगे। बता दें, बुधवार को आरोपी संदीप ने जेल से चिट्ठी लिखकर पीड़िता से दोस्ती का हवाला देते हुए खुद को निर्दोष बताया था। सीमा कुशवाहा ने कहा कि वह न्याय के लिए लड़ रही हैं, जो दोषी है उसे सजा मिलनी चाहिए और जो निर्दोष है उसे छूटना चाहिए।

Recommended Video
'बातचीत हुई भी तो हत्या को कौन जायज ठहरा सकता है'
सीमा कुशवाहा दिल्ली निर्भया केस में उसके परिवार की वकील थीं। सीमा ने हाथरस के कथित गैंगरेप केस में पीड़ित परिवार की ओर से निशुल्क मुकदमा लड़ने का ऐलान किया है। सीमा कुशवाहा गुरुवार को परिवार से मिलने हाथरस पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें जो कुछ बताया है उस आधार पर वह सबसे पहले कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल करेंगी। कॉल डिटेल और आरोपी की चिट्ठी में आरोपी संदीप और पीड़िता के बीच दोस्ती की बात पर सीमा कुशवाहा ने कहा कि अगर बातचीत हुई भी है तो इससे हत्या को कौन जायज ठहरा सकता है। उन्होंने कहा कि आरोपी जेल से चिट्ठियां नहीं लिखते। ये सब घटना से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है।
12 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेश होगा पीड़ित परिवार
मामले में सीबीआई जांच को लेकर सीमा कुशवाहा ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है, जिसमें महिला और दलित अधिकारी भी हैं। परिवार को इस पर भरोसा भी है। परिवार यदि कोर्ट की निगरानी में जांच चाहता है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिवार को 12 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के सामने पेश होना है। उस दौरान वह भी वहां मौजूद रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह न्याय के लिए लड़ रही हैं। जो दोषी है उसे सजा मिलनी चाहिए और जो निर्दोष हो उसे छूटना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications