कांग्रेस सांसदों के साथ आज फिर हाथरस जाने की कोशिश करेंगे राहुल गांधी, दो दिन पहले हुई थी धक्का-मुक्की
लखनऊ। हाथरस जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ हैवानियत के बाद हुई मौत और पुलिस-प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार किए जाने पर सियासत गरमाई हुई है। तो वहीं, राजनीतिक दल लगातार हाथरस पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इस क्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज फिर हाथरस जाने की कोशिश करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो दोपहर के समय हाथरस के लिए निकलेंगे। उनके साथ कांग्रेस सांसदों का एक दल भी जाएगा।

राहुल गांधी के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उनका दर्द साझा करेगा। कांग्रेस ने पीड़ित परिवार को न्याय से वंचित रखने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार पीड़िता के परिजनों को भारी पुलिस बल की तैनाती कर और मीडिया को भी रोक कर हताश करने की कोशिश कर रही है। तो वहीं, राहुल गांधी के हाथरस पहुंचने की खबरों के चलते एक बार फिर पुलिस अलर्ट पर है और सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, वो कितने बजे हाथरस आएंगे, यह स्पष्ट नहीं है।
राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी पीड़िता के परिजनों से मिलने हाथरस के लिए गुरुवार (01 अक्टूब) को निकले थे। लेकिन ग्रेटर नोएडा के पास ही उनके काफिले को रोक लिया गया, इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े। इसी बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गई और इस दौरान राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की हुई है, जिसकी वजह से राहुल गांधी जमीन पर गिर पड़े।
इस दौरान उनके हाथ में चोट आई है तो वहीं इस झड़प में कुछ कार्यकर्ताओं को भी चोटें लगी हैं, इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि धक्का-मुक्की वाली बात पर राहुल गांधी ने कहा कि थोड़ा सा धक्का लग गया कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन मैं हाथरस के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा हूं, ये मुझे रोक नहीं पाएंगे।
दुनिया की कोई ताकत मुझे हाथरस जाने से नहीं रोक सकती: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट करते हुए कहा कि, दुनिया की कोई भी ताक़त मुझे हाथरस के इस दुखी परिवार से मिलकर उनका दर्द बांटने से नहीं रोक सकती। इतना ही नहीं, उन्होंने लिखा, इस प्यारी बच्ची और उसके परिवार के साथ UP सरकार और उसकी पुलिस द्वारा किया जा रहा व्यवहार मुझे स्वीकार नहीं। किसी भी हिन्दुस्तानी को ये स्वीकार नहीं करना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications