चरखी दादरी में आतिशी ने किया रोड शो, कहा- किंगमेकर की भूमिका निभाएगी AAP
Haryana Assembly Election 2024:हरियाणा चुनाव को लेकर सभी दलों ने रैलियां तेज कर दी है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार शाम चरखी दादरी में एक रोड शो किया और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। इस क्रम में उन्होंने अरविंद केजरीवाल की 5 गारंटी की भी याद दिलाई।
उन्होंने AAP प्रत्याशी धनराज कुंडू के समर्थन में रोड शो कर जनता से झाड़ू का बटन दबाकर 'काम की राजनीति' को जिताने की अपील की। आगे सीएम ने कहा किंगमेकर की भूमिका निभाएगी आप, हमारी पार्टी के सहयोग के बिना यहां किसी की सरकार नहीं बनेगी। इस दौरान आप हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता भी रोड शो में मौजूद रहे।

आतिशी ने हरियाणा के लोगों से अपील करते हुए कहा कि 24 घंटे मुफ्त बिजली, बच्चों को सरकारी स्कूलों में अच्छी शिक्षा, सरकारी अस्पतालों में मुफ़्त इलाज और युवाओं को नौकरी के लिए 5 अक्टूबर को झाड़ू का बटन दबाना है।
उन्होंने दिल्ली और पंजाब में आप सरकार द्वारा किए गए जनहित के काम का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल जी ने दिल्ली और पंजाब में सभी को मुफ्त बिजली, सरकारी स्कूलों में बेहतरीन शिक्षा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा दी हुई है और अब वह यह सब सुविधाएं हरियाणा में भी देंगे।
बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने आज पहली बार हरियाणा में पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से लगातार हरियाणा में रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने लोगों को दिल्ली और पंजाब में आप सरकार द्वारा किए जा रहे कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया और सरकार बनने पर यहां भी लागू करने का वादा किया। आप की ओर से राज्यसभा सांसद संजय सिंह और सांसद राघव चड्ढा भी ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications