गोल-गप्पे खा रहे लड़के को जबरन पार्क में उठा ले गए युवक, डंडों से मारते रहे, दुकानदार बचा न पाए
नारनौल। हरियाणा में नारनौल शहर के मुख्य बाजार आजाद चौक से 4-5 युवकों ने एक लड़के को उठा लिया और फिर पार्क में ले जाकर लाठी-डंडों मारा-पीटा। इससे वह अधमरा हो गया, बाद में परिजन उसे जयपुर ले गए तो वहां उसने दम तोड़ दिया। मार-पीट की घटना तब हुई, जब वह लड़का अपने दोस्तों के साथ गोल-गप्पे खा रहा था।

इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि, नारनौल शहर के मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी तुषार अपने दोस्त शंकर, रमन व राहुल के साथ गोल-गप्पे खाने आजाद चौक पर गया था। जहां वे चारों गोल गप्पे खा रहे थे, तभी तुषार को जानने वाला एक युवक वहां आया। उस युवक ने तुषार को देखकर कहीं फोन किया और अपने चार-पांच साथियों को बुलाया लिया। वे आए और तुषार से मारपीट करने लगे। यह देखकर स्थानीय दुकानदार बीच-बचाव करने लगे, तब मारपीट कर रहे युवक तुषार को उठाकर राव बंशी सिंह पार्क ले गए, जहां बुरी तरह प्रहार किए। उसके बाद वहां से फरार हो गए।

तुषार के दोस्तों ने घटना के बारे में मिश्रवाड़ा पहुंच कर उसकी जानकारी तुषार के घरवालों को दी। फिर परिजनों ने बंशी सिंह पार्क पहुंचकर तुषार को उठाया और सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उसे जयपुर ले गए। जहां उपचार के दौरान तुषार ने दम तोड़ दिया। इलाके में पूरे दिन इस घटना की चर्चा होती रही। दरअसल, लोगों को पता ही नहीं था कि उसे पीटने वाले थे कौन?, इस पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications