इंडिया गेट दिल्ली से 1216KM साइकिल चला अटल टनल पहुंचने वाले अरुण पहले भारतीय, रिकॉर्ड बना
सोनीपत। हरियाणा में सोनीपत के सेक्टर-23 में रहने वाले अरुण मलिक ने एक रिकॉर्ड बना दिया। हमेशा साइकिल चलाते रहने वाले अरुण मलिक महज 10 दिन में 1216 किलोमीटर सफर तय करते हुए इंडिया गेट से हिमाचल के किलाेंग की चोटी पहुंचे। राजधानी दिल्ली से अटल टनल पर साइकिल से जाने वाले वह पहले भारतीय बने। उनकी इस उपलब्धि को "इंडिया बुक ऑफ द रिकॉर्ड्स" ने दर्ज कर लिया।

साइकिल से किलाेंग की चोटी फतह
"इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स" ने अरुण मलिक को प्रमाण पत्र सौंपते हुए मेडल से नवाजा। वहीं, डीसी ललित सिवाच ने अपने कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया और शुभकामनाएं दी। दिल्ली से हिमाचल के किलाेंग की चोटी के सफर के बारे में अरुण कहते हैं, "पहाड़ों पर सिंगल गियर साइकिल से रास्ता नापना कठिन था, लेकिन हिम्मत-हौंसले ने वो ताकत दी।" अरुण के मुताबिक, वह पिछले कई साल से प्रदूषण मुक्त भारत अभियान भी चला रहे हैं।

80 हजार किमी राह नाप चुके
बताया जाता है कि, अरुण मलिक के पास जो साइकिल है, वो 16 साल पुरानी है। उस साइकिल से वह करीब 80 हजार किलोमीटर का सफर कर चुके हैं। देश की राजधानी दिल्ली के चारों ओर व केजीपी और केएमपी को भी उन्होंने साइकिल से 1 दिन में नाप रखा है। इतना ही नहीं, अरुण हरियाणा में अलग-अलग जिलों में साइकिल यात्रा कर चुके हैं।













Click it and Unblock the Notifications