Simran Singh: RJ और मॉडल सिमरन सिंह की गुरुग्राम के फ्लैट में मौत, जम्मू की धड़कन के नाम से थी फेमस
Simran Singh: मशहूर रेडियो जॉकी और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर सिमरन सिंह गुरुवार (26 दिसंबर) को अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। 'जम्मू की धड़कन' के नाम से मशहूर 25 वर्षीय सिमरन की मौत ने उनके प्रशंसकों और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सिमरन का शव गुरुग्राम के सेक्टर 44 स्थित अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कमरे के अंदर बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, सिमरन का शव उनके कमरे में मिला। शुरुआती जांच में यह मामला खुदकुशी का लग रहा है, लेकिन घटना की जांच अभी जारी है। पुलिस को शव के पास से किसी भी तरह का कोई नोट नहीं मिला है। दरवाजा अंदर से बंद था और जब खिड़की से देखा गया, तो सिमरन मर चुकी थी। उनके साथ रहने वाली दोस्त ने सबसे पहले घटना की सूचना पुलिस को दी।

जम्मू-कश्मीर निवासी, दो साल से गुरुग्राम में थी
सिमरन जम्मू-कश्मीर के डिग्याना मोहल्ले की रहने वाली थीं। वह RJ और मॉडलिंग के क्षेत्र में एक्टिव थीं और सोशल मीडिया पर भी खासा लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 7 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। उन्हें प्यार से "जम्मू की धड़कन" कहा जाता था। वह पिछले दो साल से गुरुग्राम में रह रही थीं।
मौत के कारणों पर सवाल
पुलिस के अनुसार, सिमरन के आत्महत्या करने के पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं है। परिवार और दोस्तों को भी खुदकुश के संभावित कारणों की जानकारी नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार है।
प्रशंसकों और परिवार के लिए गहरा सदमा
सिमरन सिंह की मौत की खबर उनके प्रशंसकों और परिवार के लिए गहरा झटका है। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 13 दिसंबर को आई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
क्या हो सकता है कारण?
हालांकि, अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के पीछे के कारण पर असमंजस बना हुआ है। क्या यह व्यक्तिगत तनाव या मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा मामला था? क्या उनके पेशेवर जीवन में कोई चुनौती थी? इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
सिमरन सिंह की असामयिक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक होनहार और लोकप्रिय व्यक्तित्व को इस तरह खो देना बेहद दुखद है। पुलिस की जांच से ही सच्चाई का पता चलेगा, लेकिन उनकी मौत ने मानसिक स्वास्थ्य और तनाव के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को फिर से रेखांकित किया है।
ये भी पढ़ें- 'मेरे बच्चे को बहुत टॉर्चर किया', अतुल सुभाष के सुसाइड के बाद अब सामने आया परिवार, किया बड़ा खुलासा
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications