Raju Punjabi: 'भाई आप यूं चले जाओगे, सोचा ना था', राजू पंजाबी के निधन पर रोए 'सॉलिड बॉडी' वाले अजय हुड्डा
Raju Punjabi Death: 'देसी देसी ना बोल्या कर...' जैसे सुपरहिट गाना गाने वाले हरियाणवी सिंगर राजू पंजाबी का निधन 40 साल की उम्र में हो गया है। राजू पंजाबी का निधन सोमवार (21 अगस्त) की रात को हुआ है। पिछले 10 दिनों से वह हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती थे और उनका पीलिया का इलाज चल रहा था।
हालांकि उनकी सेहत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन राजू पंजाबी की तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें दोबारा भर्ती कराया गया। जहां उनका निधन हो गया। राजू पंजाबी हिसार के आजाद नगर में रहते थे।

राजू पंजाबी के निधन से उनके दोस्त और हरियाणवी सिंगर अजय हुड्डा दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर करते हुए लिखा है कि, ''भाई आप इतनी जल्दी चले जाओगे, ये हमने नहीं सोचा था।''
'भाई जी आप यूं चले जाओगे हमें छोड़ के सोचा ना था...'
राजू पंजाबी के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए अजय हुड्डा (Ajay Hooda) ने लिखा, ''राजू पंजाबी RIP, भाई जी आप यूं चले जाओगे हमें छोड़ के सोचा ना था। आपकी जगह कोई नहीं ले पाएगा, ना दिल में, ना हरियाणवी इंडस्ट्री में।'' बता दें कि अजय हुड्डा मशहूर हरियाणवी सिंगर, डांसर और राइटर हैं।
वहीं पंजाबी-हरियावी सिंगर मासूम शर्मा (Masoom Sharma) ने फेसबुक पर लिखा, ''हरियाणवी संगीत को बड़ा आयाम देने वाले, बहुत ही अद्भुत गायक ,बहुत गजब के इंसान, आज ये दुनिया छोड़ के चले गए, #Raju_Punjabi_Bhai आप हमेशा दिलों पे राज करोगे। भगवान इस पवित्र आत्मा को अपने चरणो में जगह दे।''
फैंस का टूटा दिल
इस खबर से दिवंगत गायक राजू पंजाबी के फैंस भी हैरान रह गए। एक यूजर ने लिखा, ''संगीत की दुनिया में एक बड़ी त्रासदी, सुरों के बादशाह हर दिल अजीज, हमारे प्यारे भाई राजू पंजाबी जी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है।''
एक अन्य ने कहा, "बहुत दुखद खबर हरियाणवी गायक #राजूपंजाबी जी आज हमारे बीच नहीं रहे। तीन छोटे बच्चों के पिता राजू पंजाबी पूरी हरियाणवी इंडस्ट्री में खास थे।"
एक इंस्टाग्राम यूजर ने कहा, "आज हमारा प्रिय भाई राजू पंजाबी हमारे बीच नहीं रहा। हमारे भाई को शांति मिले। ओम शांति।"
एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "हम आपको याद करेंगे लीजेंड।" एक शख्स ने लिखा, "हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। ओम शांति।"
कुछ दिन पहले राजू पंजाबी ने जारी किया था गाना
कुछ दिन पहले ही राजू पंजाबी ने अपना आखिरी गाना 'आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा था' रिलीज किया था। उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी उनके गाने को लेकर ही है। राजू ने 20 अगस्त को एक वीडियो कोलाज शेयर किया था और लिखा था, "आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा।"
राजू पंजाबी को 'अच्छा लागे से, देसी देसी, तू चीज लाजवाब, लास्ट पेग और भांग मेरे यारा ने जैसे कई अन्य गानों के लिए जाना जाता है। उन्होंने सपना चौधरी के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications