महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा की अवधि सरकार ने नए साल की 5 तारीख तक बढ़ा दी, निर्देशों को जानें
चंडीगढ़। देश के कई राज्यों में कोरोनावायरस के संक्रमण ने फिर गति पकड़ ली है। हरियाणा में भी 24 घंटे में नए मरीज 67% बढ़ गए। शुक्रवार को 77 लोग पॉजिटिव मिले। वहीं, ओमिक्रॉन से भी नया संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में राज्य सरकार ने सख्ती और बढ़ा दी है। सरकार ने 25 दिसंबर 2021 से रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। वहीं, ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश में नए निर्देश भी जारी किए जाएंगे।

हरियाणा सरकार के नए निशा—निर्देश
अधिकारिक बयान में कहा गया है कि, सरकार ने महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा की अवधि 5 जनवरी 2022 तक बढा दी है। वहीं, रात्रि कर्फ्यू को लेकर ऐलान हुआ है कि, अब शनिवार से रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। हालांकि, रात को इमरजेंसी सेवाओं को ही आवागमन की छूट रहेगी। इनडोर में अधिकतम 50% के साथ 200 तो खुले स्थान पर 300 लोग इकट्ठा हो सकेंगे। पहले खुले में 500 लोगों तक एकत्रित होने की छूट थी।

137 दिनों के बाद आज से फिर रात्रि कर्फ्यू
सरकार द्वारा प्रदेश में यह कर्फ्यू 137 दिनों के बाद लगाया गया है। पहले 3 मई से 9 अगस्त तक रात्रि कर्फ्यू रहा था। सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि, आगामी 1 जनवरी से सरकारी कार्यालयों में वही कर्मचारी या आम व्यक्ति प्रवेश कर सकेगा, जिसने दोनों डोज लगवाई हुई हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन कार्यक्रम में लगे कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। मुख्य सचिव संजीव कौशल की ओर से महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा लॉकडाउन को लेकर जारी नए आदेश 5 जनवरी की सुबह 5 बजे तक प्रभावी रहेंगे।

वैक्सीन के दोनों डोज जरूरी किए गए
उपरोक्त आदेशों से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संक्रमण रोकने के लिए बैठक की। उसके बाद बताया गया कि, अब अवकाश के दिन भी वैक्सीनेशन सेंटर चालू रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि, सख्ती के बाद प्रदेश में वैक्सीनेशन बढ़ गया है। लोगों को प्रतिबंध से बचने के लिए वैक्सीन लगवानी चाहिए। इनके लिए ही अवकाश के दिन भी वैक्सीनेशन केंद्र चालू रखे जाएंगे।
वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या अचानक बढ़ी
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश में 2.61 लाख डोज लगाई गई थी, जबकि शुक्रवार को 2.91 लाख लोग वैक्सीनेशन सेंटर पर खुराक लेने में पहुंचे। इनमें 2 लाख लोग वे थे, जिनकी दूसरी डोज का समय पूरा हो चुका था।












Click it and Unblock the Notifications