भिवानी में पहाड़ दरका: दबे लोगों की तलाश जारी, 5वीं लाश मिली, जो शख्स जिंदा बचा उसने सुनाई आपबीती
भिवानी। नए साल के पहले दिन हरियाणा के भिवानी जिले में खनन के दौरान डाडम में पहाड़ दरकने से कई लोगों की जानें चली गईं। अभी भी पहाड़ के मलबे और शिलाओं के नीचे कई लोब दबे हैं। राहत एवं बचाव कार्य में जुटी सेना और एनडीआरएफ की टीम ने रात 9 बजकर 7 मिनट पर 5वें मजदूर की लाश को बाहर निकाला। इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर बीआर मीणा की ओर से बताया गया कि, उनकी अगुवाई में 42 सदस्यीय टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।

'मैं नीचे गिरकर बच गया और बाकी दब गए'
तोशाम के डाडम में पहाड़ की चट्टानें गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए ड्रिल मशीन के ऑपरेटर गुंजन कुमार ने आपबीती सुनाई। गुंजन हिसार के लाइफ लाइन अस्पताल में दाखिल कराए गए थे। जहां होश में आने पर गुंजन ने बताया, "शनिवार सुबह करीब 8 बजे का टाइम था। हमें वहां ड्रिलिंग मशीन ऑपरेट करनी थी। मेरे साथ ऑपरेटर बिहार वासी तूफान, अंगद और पंजाब का रहने वाला दीपक उर्फ टाेनी था। वहां और भी मजदूर थे। हम चारों ड्रिल मशीन लेकर करीब साढ़े 8 बजे पहाड़ के नजदीक पहुंच गए थे। कोई मशीन के अंदर बैठा था तो कोई बाहर खड़ा हो गया था। अभी मशीन शुरू भी नहीं हुई था कि पहाड़ से चट्टान अचानक टूटकर हमारे ऊपर आ गिरी। तब मैं मशीन के कोने पर खिड़की के पास बैठा हुआ था। उूपर से गिरी चट्टान मशीन की छत से टकराई तो मैं नीचे गिर गया था, जहां बाकी तीनों लोग उसके नीचे दब गए। वो चट्टान इतना बड़ी थी कि मशीन की मजबूत चेसिज दुचक गई। मेरे होश उड़ गए। बाद में मैंने अपने आप को हॉस्पिटल में पाया।"

रात में बाहर निकाली जा सकी 5वीं लाश
एक बचावकर्मी ने बताया कि, करीब 10 वाहन हादसे की चपेट में आए। हमारी टीम यहां शनिवार शाम से राहत कार्य में जुटी है। टीम ने डॉग की मदद से रात्रि करीब सवा दो बजे चौथे और रविवार रात 9 बजकर 7 मिनट पर 5वें शव को बाहर निकाला। उस दरम्यान 5-10 सदस्यों की 2-2 घंटे के हिसाब से सर्च अभियान चलाया। अभी और लोग खोजे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications