हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में कच्चे रास्तों को किया जाएगा पक्का, 500 करोड़ रुपए का आएगा खर्चा
चंडीगढ़, जून 25। हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में राज्य सरकार 475 कच्चे रास्तों को पक्का करने की दिशा में काम कर रही है। राज्य के डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला ने बताया है कि 500 करोड़ रुपए की लागत से ये काम किया जाएगा। गुरुवार को डिप्टी सीएम ने बताया कि इस काम के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और भी आसान हो जाएगा। आपको बता दें कि हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला के पास ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग का प्रभार भी है।

डिप्टी सीएम ने बताया कि कुछ ग्रामीण अपने क्षेत्र के कच्चे रास्ते पक्का करने की मांग को लेकर उनके पास थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2023-24 तक ग्रामीण क्षेत्र के 1225 किलोमीटर लंबाई के 475 कच्चे रास्तों को पक्का करेगी, जिन पर कुल 490 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने वाले पांच करम के सभी कच्चे रास्ते पक्के किए जाएंगे ताकि किसानों को अपने खेतों में आने-जाने व फसल ढोने में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है जहां ग्रामीण विकास बेहद जरूरी है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना राष्ट्रीय विकास भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने तो 'ग्राम-स्वराज' को ही स्वतंत्र भारत के आर्थिक विकास के केन्द्र-बिन्दु के रूप में देखा था। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण के बावजूद हमारी जनसंख्या का बड़ा हिस्सा आज भी गांवों में रह रहा है।












Click it and Unblock the Notifications