हत्या के बाद खुद हो गया अस्पताल में एडमिट! क्या थी सिम्मी के मर्डर के पीछे की वजह? धीरे-धीरे हो रहा खुलासा
Sheetal Choudhary Simmi Murder Case: हरियाणा के म्यूजिक और मॉडलिंग वर्ल्ड का एक चर्चित चेहरा शीतल उर्फ सिम्मी अब इस दुनिया में नहीं रही। 24 साल की सिम्मी का शव एक गाड़ी से बरामद किया गया जो नहर में गिरी मिली। सिम्मी की हत्या गला रेतकर की गई थी। इस घटना ने लोगों को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।
कैमरे के सामने मुस्कुराकर लाखों दिलों को जीतने वाली सिम्मी की जिंदगी का अंत इतना दर्दनाक होगा ये किसी ने सोचा भी नहीं था। शूटिंग के लिए घर से निकली शीतल की लाश अगले दिन नहर में मिली। जांच में सामने आया कि उसके जानने वाले शख्स ने उसकी बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी थी।

हरियाणा से आई यह दिल दहला देने वाली घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हत्या के पीछे की वजह पर भी चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि शादी को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी इसी चलते आरोपी ने सिम्मी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने हत्या के बाद सिम्मी का शव दिल्ली पैरलल नहर में फेंक दिया। पुलिस को लगभग 30 घंटे बाद सोनीपत के खांडा गांव के पास एनसीआर वाटर चैनल में शीतल का शव मिला। उसके गले और हाथों पर तेजधार हथियार से वार किए गए थे।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के पंचकूला में देहरादून के एक ही परिवार के सात लोगों ने दी जान, कार से बरामद हुए शव, क्या बताई वजह
वीडियो कॉल पर कहा-'वो मार रहा है'
शीतल की बहन नेहा ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे शीतल ने वीडियो कॉल किया था। घबराई हुई शीतल उर्फ सिम्मी ने कहा कि उसका दोस्त सुनील उसके साथ मारपीट कर रहा है। कॉल के दौरान सुनील की आवाज भी सुनाई दी थी। नेहा का कहना है कि सिम्मी ने गले इत्यादि पर मारने पीटने के निशान भी दिखाए थे। इसी बीच कॉल कट गया और फिर शीतल का फोन बंद हो गया।
नहर में फेंकी कार ताकि लगे हादसा है
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनील ने हत्या के बाद अपनी कार को भी नहर में गिरा दिया, ताकि यह हादसा लगे। खुद तैरकर बाहर निकल आया और अस्पताल में भर्ती हो गया। वहीं पुलिस को कार मिलने के बाद मामले की कड़ियां जुड़ने लगीं और शक सुनील पर गया।
सुनील ने क्यों की शीतल की हत्या?
परिजनों के मुताबिक, शीतल शादीशुदा थी और उसका एक बेटा भी है, जो पति के साथ रहता है। कुछ समय से वह पति से अलग रह रही थी। बताया जा रहा है कि सुनील, जो खुद दो बच्चों का पिता है, शीतल पर शादी का दबाव बना रहा था। जब शीतल को यह पता चला कि सुनील पहले से शादीशुदा है, तो उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर सुनील ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
शीतल की बहन ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
शीतल पानीपत में अपनी बहन नेहा के साथ रहती थी। वह हरियाणवी म्यूजिक एल्बम में बतौर मॉडल काम करती थी। शनिवार को वह शूटिंग के लिए अहर गांव गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद नेहा ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दी थी।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
सोमवार को पुलिस ने शीतल का शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए खानपुर पीजीआई भेजा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पानीपत के किशनपुरा श्मशान घाट पर शीतल का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के लोग गम में डूबे हुए थे और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे थे।
आरोपी से होगी सख्त पूछताछ
सोमवार को पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि हत्या की वजह और बाकी पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में सिम्मी से दोस्ती की बात मानी है।
परिजन इस निर्मम हत्या से गहरे शोक और सदमे में हैं। उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई तेज़ की जाएगी।
ये भी पढ़ें: हरियाणा सफाई कर्मचारियों की हो गई मौज, नायब सिंह सैनी सरकार ने बढ़ा दिया वेतन












Click it and Unblock the Notifications