हरियाणा में पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने किया 24 घंटे की हड़ताल का आह्वान, मांग- सरकार कमीशन बढ़ाए
चंडीगढ़। हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने 15 नवंबर की सुबह 6 बजे से 16 नवंबर की सुबह 6 बजे तक हड़ताल का आह्वान किया है। एसोसिएशन के वरिष्ठ वीसी पलविंदर सिंह ने कहा कि, हम सरकार से मांग करते हैं कि हमारा कमीशन बढ़ाया जाए, उत्पाद शुल्क में अचानक कटौती और बायोडीजल बिक्री के नियमन के कारण हुए नुकसान की भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि, मांगें पूरी न होने पर विरोध तेज कर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि, उस दौरान प्रदेशभर में पेट्रोल और डीजल पंप बंद रहेंगे।

कुरुक्षेत्र में हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के एक सदस्य ने कहा कि, हमारी ओर से दिए गए ज्ञापन में साफ कहा गया है कि, हमारी मांगों की अनदेखी करना सरकार के लिए सही नहीं होगा। पेट्रोल पंप बंद होंगे तो सबको दिक्कत होगी। हमारी एसोसिएशन की ओर से यह फैसला लगातार मांगों की अनदेखी करने पर लिया गया है। डिस्ट्रिक्ट कुरुक्षेत्र पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने उपायुक्त मुकुल कुमार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि, 15 नवंबर को सुबह 6 बजे से 16 नवंबर की सुबह 6 बजे तक पेट्रोल-पंप बंद रहेंगे। एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश गुप्ता ने कहा कि, सरकार की ओर से पिछले दिनों पेट्रोल और डीजल पर वैट और एक्साइज घटाया गया है, जबकि पेट्रोल और डीजल पंप संचालकों से सरकार ने यह पहले ही वसूल कर लिया था।

एसोसिएशन ने पेट्रोल-डीजल पर घटाए गए वैट और एक्साइज-ड्यूटी वापस करने की मांग भी की है। एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि, सरकार की ओर से पिछले 5 साल से हमारा कमीशन नहीं बढ़ाया गया है। जबकि, लगातार कमीशन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। सरकार हमारी सुनवाई नहीं कर रही है। इसी तरह प्रदेश में जगह-जगह नकली डीजल बेचा जा रहा है। प्रदेश सरकार नकली डीजल की बिक्री को रोकने में नाकाम है। इससे पंप संचालकों को नुकसान हो रहा है।













Click it and Unblock the Notifications