Nuh violence: गृह मंत्री अनिल विज बोले, भडकाऊ पोस्ट डालने वालों पर होगी कार्रवाई, अबतक 202 गिरफ्तार
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को खुलासा किया कि राज्य पुलिस ने अब तक नूंह और उसके आसपास के इलाकों में भड़की हिंसा से संबंधित 102 एफआईआर दर्ज की हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक कुल मिलाकर 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 80 अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

इसके साथ ही गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम हर सोशल मीडिया को स्कैन कर रहे हैं। हमने एक विशेष समिति बनाई है जिसमें आईटी सेल के सदस्य शामिल हैं। यह पूरे सोशल मीडिया को स्कैन करेगा। स्कैन के दौरान अगर यह बात सामने आती है कि किसी ने भडक़ाऊ पोस्ट डाली है तो कार्रवाई की जाएगी।
Recommended Video
अनिल विज ने कहा कि 'निर्दोष को सजा न मिले और दोषी न छूटे', इस सिंद्धात पर पुलिस कार्य कर रही है। इसलिए पुख्ता सबूत इकट्ठे करके इस पर कार्यवाही की जानी है और एक भी दोषी को छोडा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पकड़ा गया है उनसे कानून के अनुसार पूछताछ की जा रही है और जो जानकारियां मिल रही हैं, उसके अनुसार कार्यवाही की जा रही है। शुक्रवार की नमाज कैसे आयोजित की जा रही है, इस सवाल पर अनिल विज ने कहा, "मैंने नूंह, फरीदाबाद और गुरुग्राम के उपायुक्तों से बात की है और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि, हरियाणा के बाकी हिस्सों के लिए भी मैंने मुख्य सचिव से चर्चा की है कि जहां भी नमाज पढ़ी जा रही है, वहां शांति के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए। पर्याप्त पुलिस तैनाती भी की गई है। हमने मौलवियों से भी बातचीत की है और उनसे शुक्रवार को घर पर ही नमाज अदा करने की अपील की है। अगर वे ऐसा करते हैं तो यह अच्छी बात होगी।
सोशल मीडिया के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की निगरानी व स्कैंनिग के लिए गृह विभाग के विशेष सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें आईटी सेल से भी अधिकारी को लिया गया है जो सोशल मीडिया को स्कैन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा उत्तेजनात्मक पोस्टों को डाला गया होगा तो उन पर कार्यवाही की जाएगी।
एसआईटी के गठन को लेकर उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जहां-जहां पर जरूरत पड़ रही है, उस अनुसार दो से तीन पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की एसआईटी बनाकर उन्हें जांच सौंपी है, ताकि एक-एक मामले की हर एंगल से जांच हो सके।












Click it and Unblock the Notifications