कांग्रेस कुल मिलाकर खत्म हुई, अब ये एक-दूसरे पर दोषा-रोपण से कमजोरियां छुपाना चाहते हैं: मंत्री विज
अंबाला। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पार्टी को लेकर बड़ा तीखा बयान दिया। सोनिया गांधी के 5 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा मांगने पर विज ने कहा कि, कांग्रेस अब खत्म हो चुकी है। विज बोले, "कांग्रेस पार्टी में इस्तीफे लिए जा रहे हैं। यह पार्टी तो कुला मिलाकर खत्म हो चुकी है। अब ये एक-दूसरे पर दोषारोपण करके अपनी कमजोरियों को छुपाना चाहते हैं।"

विज के निशाना पर अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी थीं। जिन्होंने हाल ही कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हारने पर प्रदेश कांग्रेस प्रमुखों के इस्तीफे मांगे हैं। कल कांग्रेस के पंजाब प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दिया, जिसे सोनिया गांधी ने अप्रूव किया था। उस पत्र को सिद्धू ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया। इसी तरह उत्तराखंड में भी हुआ है, जहां कांग्रेस की करारी हार हुई।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल इस्तीफा दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने खुद कहा कि मैंने राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना त्याग पत्र सौंप दिया है। वहीं, देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में अजय कुमार लल्लू ने भी यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। लल्लू ने अपने इस्तीफे पर कहा, ''विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं।''
उन्होंने कहा कि, मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार। कार्यकर्ता के तौर पर आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहूंगा।












Click it and Unblock the Notifications