रेमेडिसविर की कालाबाजारी: हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री बोले- लेने वालों का आधार कार्ड देखना है, सख्ती होगी
चंडीगढ़। कोरोना मरीजों के उपचार में इस्तेमाल किए जा रहे रेमेडिसविर इंजेक्शन की कालाबाजारी की खबरें बहुत आ रही हैं। ऐसे में हरियाणा सरकार ने सख्ती शुरू कर दी है। आज स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि, जो लोग रेमिडिसेवर मांगें, उनका आधार कार्ड अवश्य चेक किया जाए। विज ने कहा कि, ''प्रदेश में रेमिडिसेवर के 2 डिपो हैं। जहां ड्रग अधिकारियों को तैनात किया गया है। हर शीशी के क्रय-विक्रय पर नजर रखी जा रही है। दवा बेचने वालों से भी कहा गया है कि यदि कोई रेमिडिसेवर मांगे तो उसका आधार कार्ड अवश्य चेक किया जाए।''

Recommended Video
कालाबाजारी पर हरियाणा में सख्ती होगी
बकौल विज, ''हरियाणा में इस दवा की कालाबाजारी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।' इससे पहले विज ने दिल्ली सरकार को निशाने पर लिया। कहा कि, हम पर दबाव डाला जा रहा है कि हम दिल्ली को ऑक्सीजन दें। हमारी पहली प्राथमिकता हरियाणा है। केजरीवाल सरकार इस बात को समझे।
दिल्ली सरकार ने हमारा टैंकर लूट लिया
विज ने कहा, ''कल हमारा टैंकर फरीदाबाद के अस्पतालों के लिए दिल्ली से जा रहा था। लेकिन दिल्ली सरकार ने हमारा टैंकर लूट लिया। अब मैंने आदेश जारी किए हैं कि जो टैंकर जाएगा वो पुलिस के साथ जाएगा।''
विज ने दो रोज पहले कहा था कि, हरियाणा में मिल रहे मरीजों में से ज्यादातर दिल्ली से सटे जिलों से हैं। उन्होंने कहा कि, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत ऐसे जिले हैं जहां के लोगों को दिल्ली से आना-जाना हो रहा है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली के कोरोना मरीज इन जिलों में चले आते हैं। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि दिल्ली में व्यवस्था नहीं हो पा रही होगी। अब जब वे हमारे पास आए हैं तो वापस धक्का तो नहीं मार सकते न। हम उन्हें इलाज देने की कोशिश कर रहे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications