कृष्ण भक्ति में लीन होने के लिए IG भारती अरोड़ा ने मांगा था VRS, हरियाणा सरकार ने वापस लौटाई फाइल
कृष्ण भक्ति में लीन होने के लिए IG भारती अरोड़ा ने मांगा था VRS, हरियाणा सरकार ने वापस लौटाई फाइल
चंडीगढ़, 06 अगस्त: 'मीराबाई' की तरह भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होने के लिए आईजी भारती अरोड़ा ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था। लेकिन हरियाणा सरकार ने भारती अरोड़ा की वीआरएस मांगने संबंधी फाइल को वापस लौटा दिया है। दरअसल, डीजीपी और गृह सचिव से होती हुई आईजी भारती अरोड़ा की वीआरएस मांगने संबंधी फाइल गुरुवार को गृह मंत्री अनिल विज के पास पहुंची।

गृह मंत्री अनिल विज ने वापस लौटाई VRS संबंधी फाइल
गृह मंत्री अनिल विज ने भारती अरोड़ा को एक बेहतरीन अधिकारी बताया और गृह सचिव राजीव अरोड़ा को निर्देश दिए कि वह भारती अरोड़ा को वीआरएस न लेने के बात करें और उन्हें मनाएं। इतना ही नहीं, उन्होंने वीआरएस मांगने वाली फाइल को वापस लौटा दिया। बता दें, आईजी भारती अरोड़ा ने जुलाई महीने में हरियाणा पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है। पत्र में आईजी भारती अरोड़ा ने कहा, 'पुलिस सेवा उनके लिए गर्व और जुनून रही है। लेकिन अब वो आगे की जिंदगी धार्मिक तरीके से बिताना चाहती हैं और मीराबाई की तरह श्रीकृष्ण की भक्ति में लीना होना चाहती हैं।' उन्होंने सरकार से तीन महीने के नोटिस पीरियड पर छूट देने का आग्रह भी किया था।

IG भारती अरोड़ा ने मांगा था VRS
50 वर्ष की हो चुकीं आईजी भारती का विवाह हरियाणा कैडर के आईपीएस विकास अरोड़ा से हुआ है। वह हरियाणा में राजकीय रेलवे पुलिस में एसपी, अंबाला एसपी, कुरुक्षेत्र एसपी, राई स्पोर्ट्स कांप्लेस में प्रिंसिपल, करनाल रेंज में आइजी रहीं हैं। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए 24 जुलाई 2021 को पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा था। हालांकि, भारती वीआरएस के लिए आवेदन नहीं करती तो उनकी सेवानिवृत्ति वर्ष 2031 में होनी थी। लेकिन एक दशक पहले उन्होंने अब स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया है।

कृष्ण भक्ति में लीन रहना चाहती है आईजी भारती अरोड़ा
आपको बता दें कि 50 वर्षीय भारती अरोड़ा हरियाणा की पहली महिला पुलिस अधिकारी हैं जिन्होंने वीआरएस के लिए अप्लाई किया है। फिलहाल वो अम्बाला रेंज के आईजी के पद पर तैनात हैं। आईजी भारती अरोड़ा की मानें तो वो अब अपना बाकी का जीवन गुरुनानक देव, चैतन्य महाप्रभु, कबीरदास, तुलसीदास, सूरदास, मीराबाई की राह चलकर अपना शेष जीवन प्रभु श्रीकृष्ण की भक्ति में बिताना चाहती हैं। हालांकि, हरियाणा सरकार की कोशिश है कि भारती अरोड़ा पुलिस सेवा में बनी रहे। लेकिन भारती अरोड़ा अभी तक भी अपने वीआरएस लेने के फैसले पर कायम हैं।












Click it and Unblock the Notifications