Vijay Hazare Trophy: राजस्थान को हरा पहली बार चैंपियन बनी हरियाणा, CM मनोहर लाल खट्टर ने दी बधाई
विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान को 30 रनों से हरा कर हरियाणा ने शानदार जीत दर्ज की है। हरियाणा के ऑल राउंडर सुमित कुमार 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे'।
फाइनल मुकाबले में सुमित ने 6 ओवर में 5.67 की इकॉनमी रेट से 34 रन देते हुए 3 विकेट झटके। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से नाबाद रहते हुए 16 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया।

हरियाणा की जीत पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पूरी टीम को बधाई दी है साथ ही उन्होंने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने मल्टी मीडिया साइट एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा,"पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी जीतने पर हरियाणा क्रिकेट टीम को बधाई। हमारे खिलाड़ियों की लगन और परिश्रम का ही नतीजा है कि इस खेल में भी उन्होंने उच्चतम शिखर प्राप्त किया है। मैं टीम प्रबंधन, कोच और सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देता हूँ, आगे भी ऐसे ही अपना प्रदर्शन जारी रखें।"
अंकित ने हरियाणा के लिए बल्ले से निभाई अहम भूमिका
हरियाणा टीम की बल्लेबाजी शुरुआत में काफी खराब देखने को मिली। टीम ने तीन रन के मामूली स्कोर पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया था। इसके बाद अंकित ने हिमांशु राणा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, 41 के स्कोर पर हिमांशु के रूप में हरियाणा ने अपना दूसरा विकेट गंवा दिया। इसके बाद अंकित और हरियाणा टीम के कप्तान अशोक मनेरिया के बीच तीसरे विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी हुई। इसकी बदौलत टीम एक बड़ा स्कोर खड़ा कर पाई। अंकित ने इस मैच में 91 गेंदों का सामना करने के बाद 12 चौके और एक छक्के की मदद से 88 रनों की पारी खेली। इसके अलावा मनेरिया ने भी 70 रनों की अहम पारी खेली। इन दोनों की पारियों के चलते हरियाणा 287 के स्कोर तक पहुंच सकी। राजस्थान के लिए इस मैच में गेंद से अनिकेत चौधरी ने 4 जबकि अराफात खान ने 2 तो राहुल चाहर ने 1 विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications