देसी अंदाज में हरियाणा सीएम ने दी नीरज चोपड़ा को बधाई, कहा- छोरे ने लठ गाड़ दिया..वो भी भाले वाला लठ
चंडीगढ़, 08 अगस्त: जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल हासिल कर भारत का नाम पूरे विश्व में ऊंचा कर दिया। इसके साथ ही ओलंपिक गेम्स में 13 साल का सूखा भी खत्म कर दिया है। इससे पहले 2008 में बीजिंग ओलिंपिक निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड जीता था। वहीं अब हरियाणा के लाल नीरज चोपड़ा ने यह कमाल करके दिखाया है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी नीरज को बधाई दी है।

हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट करते हुए नीरज चोपड़ा को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए लिखा कि ऐतिहासिक! लठ गाड़ दिया छोरे..शानदार प्रदर्शन के साथ विश्व के सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों को पछाड़ते हुए भाला फेंक प्रतियोगिता में भारत को पहली बार स्वर्ण पदक जिताने के लिए ढेर सारी बधाई। इस घड़ी का देश को लंबे समय से इंतजार था। पूरे देश को आप पर गर्व है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नीरज चोपड़ा के जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतने पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि टोक्यो में हरियाणा के छोरे ने लठ गाड़ दिया और भाले वाला लठ गाड़ दिया। अपेक्षा के अनुरूप हमें गोल्ड मिला। जिस प्रकार से आज हमने प्रत्यक्ष मैच देखा, ये बहुत खुशी का पल है। ये बहुत बड़ी उपलब्धि है, देश के लिए उपलब्धि है, हरियाणा के लिए उपलब्धि है। उन्हें 6 करोड़ रुपये और क्लास-1 की नौकरी दी जाएगी।
इसके साथ ही सीएम ने कहा कि नौकरी में भी हमारी ऑफर रहेगी कि पंचकूला में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एथलेटिक्स बनाएंगे और उसमें नीरज चोपड़ को हेड बनाएंगे। इधर, पानीपत में नीरज चोपड़ा के घर पर जश्न का माहौल है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications