हरियाणा: सरकार के खिलाफ किसानों में रोष, कई जिलों में मंत्री-विधायकों के पुतले फूंके, कहा- बहिष्कार किया जाएगा
चंडीगढ़। कृषि कानूनों व किसानों के मुद्दे पर हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव गिरने से सरकार के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। किसान संगठनों द्वारा राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन तेज कर दिए गए हैं। यहां 4 जिलों में मंत्री-विधायकों के पुतले फूंके गए हैं। सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा और हलोपा नेताओं के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया जा रहा है। सिरसा में किसान-आंदोलन की अगुवाई कर रहे अगुआ ने कहा कि, जिन विधायकों ने सरकार के पक्ष में वोट दिए हैं, जनता के बीच उनके कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं होने दिए जाएंगे।

किसान संयुक्त मोर्चा ने पुतले फूंके
हलोपा पार्टी के सिरसा से विधायक गोपाल कांडा का किसान संयुक्त मोर्चा के बैनर तले पुतला फूंका गया। उनके अलावा प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिजली मंत्री के पुतले भी जलाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, जिन-जिन ने भी किसानों के विरुद्ध सरकार का साथ दिया, अब उनका खुलकर बहिष्कार किया जाएगा। उन्हें किसी भी तरह का कार्यक्रम नहीं करने दिया जाएगा।

विज के गृह जनपद में भी प्रदर्शन
वहीं, गृहमंत्री अनिल विज के गृहजनपद अम्बाला में भी किसानों ने पुतला फूंका। भिवानी में भाजपा विधायक घनश्याम व बवानीखेड़ा से विधायक बिशम्बर वाल्मीकि के पुतले फूंके गए हैं। वहीं, बाढड़ा से जजपा विधायक नैना चौटाला के खिलाफ भी लोगों ने गुस्सा जताया। टोहाना में भी संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से विधायक देवेंद्र सिंह बबली के खिलाफ पुतले फूंके जाएंगे।
सिरसा में 5 मुंह वाला पुतला फूंका
सिरसा के रेड लाइट चौक में टोल प्लाजा पर धरनारत किसानों ने मंत्रियों व विधायकों के 5 मुंह वाला पुतला फूंका। वहीं, शहीद भगतसिंह स्टेडियम में पक्का मोर्चा पर डटे किसानों ने हलोपा कार्यालय के सामने सिरसा के विधायक गोपाल कांडा व बाबा भूमणशाह चौक में बिजली मंत्री रणजीत सिंह व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पुतले फूंके।












Click it and Unblock the Notifications