हरियाणा DGP बोले- 9 जिलों में शांति से चल रही 'पद्मावत', अभी तक 31 उपद्रवी गिरफ्तार
नई दिल्ली। हरियाणा में फिल्म पद्मावत को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच राज्य के पुलिस महानिदेश (डीजीपी), बीएस संधू ने कहा कि बीते 24 घंटों से राज्य में कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई है। सभी सिनेमा मालिकों को पूरी सुरक्षा दी जा रही है। उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। डीजीपी संधू ने बताया कि फिल्म के विरोध के नाम पर बुधवार को गुरुग्राम में एक स्कूल बस पर पत्थर चलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 31 लोगों को हिरासत में लिया है।

हरियाणा के 9 जिलों में रिलीज हुई पद्मावत
डीजीपी संधू ने बताया, 'सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ये फिल्म हरियाणा के 9 जिलों में 33 सिनेमाहालों में सुचारू रुप से चल रही है। कल रात भी इस फिल्म के दो प्रिमियर शो भी चलाए गए थे। फिल्म के प्रदर्शन में सिनेमा हाल या उसके पास या कहीं भी किसी भी तरह का रुकावट नहीं है। लोग आ रहे हैं और फिल्म देख रहे हैं। दुर्भाग्यवश, कल गुरुग्राम शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर एक दुखद घटना हुआ जिसमें हरियाणा रोडवेज बस को तोड़ा गया, उसे जलाया गया। साथ ही वहां से जा रही एक स्कूल बस को भी पत्थर लगे। बस में उस समय छोटे बच्चे भी थे।'

स्कूल बस पर पत्थर चलाने वालों को आसानी से नहीं मिलेगी जमानत
डीजीपी ने आगे बताया, 'उस केस को तुरंत दर्ज कर लिया गया और उसमें करीब 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। और अभी इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो रही हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों पर गंभीर धाराएं लगाई गई हैं जिससे उनकी जमानत में भी मुश्किल आएगी। इसके अलावा खेड़की-धौला में भी एक गाड़ी पर पत्थर मारे गए उसमें भी 5 लोगों को पकड़ा गया है और गुरुग्राम में 8 लोगों को एहतिहायतन हिरासत में लिया गया है। कुल 31 लोगों को इस हिंसा के लिए पकड़ा गया।'

सिनेमा हॉल की सुरक्षा में पुलिस की 54 रिजर्व कंपनियां तैनात
डीजीपी संधू ने बताया, 'हरियाणा पुलिस की इस फिल्म को चलाने की पूरी तैयारी थी। हरियाणा पुलिस के अलावा हमारी जो 54 रिजर्व कंपनियां थीं, उन्हें जिन जिलों में, जिन मॉल, जिन सिनेमा हॉल में फिल्म रिलीज होनी थी वहां सुरक्षा दी है। इसी का नतीजा है कि आज रिलीज होने के बाद फिल्म ठीक तरीके से चल रही है। जो भी सिनेमा हॉल के मालिक इस फिल्म को रिलीज कर रहे हैं उन्हें पूरी सुरक्षा दी गई है। लोगों ने एक दो जगह फिल्म का विरोध जरूर किया है लेकिन कहीं से भी, किसी भी जिले से अभी तक एक भी अप्रिय घटना, तोड़-फोड़ या उपद्रव की सूचना नहीं है। अगर कोई शख्स इस फिल्म को चलाने में या कोई गड़बड़ करने में, उपद्रव करने में हिस्सा लेगा तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई किया जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।'

'करणी सेना का नहीं कोई सदस्य'
डीजीपी से जब यह पूछा गया कि जिन 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है क्या उनमें से कोई करणी सेना का भी सदस्य है? जिसके जवाब में डीजीपी ने कहा कि नहीं, इनमें से कोई भी करणी सेना का सदस्य नहीं है। सभी स्थानीय लोग थे जो विरोध कर रहे थे। बाद में उनका विरोध हिंसक हो गया।












Click it and Unblock the Notifications