'अब जलेबी खाने का वक्त है', हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल पर कसा तंज
Nayab Saini On Delhi Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनावों में बीजेपी की निर्णायक जीत के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को खुद जलेबियां बना कर सर्व की। खास बात यह है कि सैनी दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी और AAP के बीच विवाद का केंद्र बने रहे थे, जब अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुनाजी के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था।
सैनी ने कहा, "AAP की हार, केजरीवाल की 'आरोपों की राजनीति' का मजबूत जवाब है। अब जलेबी खाने का वक्त है।" इस मौके पर मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। बीजेपी की 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता में वापसी हुई है, जहां पार्टी ने 70 में से 48 सीटें जीत कर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया। वहीं, सत्ताधारी AAP को केवल 22 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।

आप ने दिल्ली के विकास के लिए कुछ नहीं किया, सैनी का केजरीवाल पर हमला
CM सैनी ने AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के विकास के लिए कुछ नहीं किया और अपनी असफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोड़ा। उन्होंने कहा, "27 साल बाद दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें ऐतिहासिक जीत दी है। पिछले दस सालों में एक ऐसी सरकार थी जो हमेशा झूठे वादे करती थी।"
सैनी ने कहा, "केजरीवाल ने कभी भी अपने वादे पूरे नहीं किए, जैसे यमुनाजी को साफ करने का वादा। उन्होंने कभी किसी योजना का फायदा नहीं उठने दिया और हमेशा झूठ बोला। पिछली बार उन्होंने कहा था कि अगर मैं 2025 तक यमुनाजी को साफ नहीं कर सका, तो वोट नहीं मांगूंगा। जब वह इसे पूरा नहीं कर पाए, तो उन्होंने हरियाणा पर जहर मिलाने का आरोप लगाया। लोग समझ गए हैं और हम दिल्ली के लोगों का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने हमारी सरकार बनाई।"












Click it and Unblock the Notifications