चरखी दादरी: गाड़ी में घर से निकले सांगवान खाप के कन्नी प्रधान मृत मिले, लोग बोले- हत्या हुई है
चरखी दादरी। उत्तर भारत की चर्चित एवं हरियाणा में दादरी जिले की सबसे बड़ी सांगवान खाप-40 के कन्नी प्रधान प्रदीप सांगवान की संदिग्ध मौत हो गई। उनकी गाड़ी सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त मिली। जिसमें उनका साथी भी गंभीर घायल पाया गया। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों ने किसी के द्वारा हत्या किए जाने का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस ने लाश बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दी।
पुलिस ने कहा कि, पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बताया जा रहा है कि, प्रधान की गाड़ी दादरी के कलियाणा रोड पर दुघर्टनाग्रस्त मिली। ग्रामीणों ने कन्नी प्रधान की हत्या का शक जाहिर किया और आरोपियों को सजा दिलाने की मांग की। वहीं, सूचना मिलने पर विधायक सोमबीर सांगवान सहित एसपी व अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि, गांव चरखी निवासी सांगवान खाप के कन्नी प्रधान प्रदीप सांगवान शुक्रवार सायं किसी कार्य के लिए अपने घर से गाड़ी में सवार होकर निकले थे। देर रात प्रदीप सांगवान का शव कलियाणा रोड पर उनकी दुघर्टनाग्रस्त गाड़ी से मिला। कन्नी प्रधान के साथ उसका साथी भी था, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव के सरपंच गुलजारी लाल व परिजनों का कहना है कि जिस तरह से गाड़ी में शव मिला और चोट के निशान मिले, उससे साफ है कि हत्या हुई है।

ग्रामीणों ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और कड़ी कार्रवाई हो। वहीं, सांगवान खाप के प्रधान व विधायक सोमबीर सांगवान ने बताया कि पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। पुलिस अधिकारियों को इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। एसपी बलवान राणा ने बताया कि शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने पर पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications