किसान आंदोलन में आया युवक नाबालिग लड़की को भगा ले गया, 4 दिन पंजाब में कैद कर रखा
सोनीपत। हरियाणा-दिल्ली के सीमाई इलाके में चल रहे किसान संगठनों के धरना-प्रदर्शन में आया एक युवक अपराधी निकला। कर्ण नाम का युवक क्षेत्र की नाबालिग लड़की को बहकाकर अपने साथ भगा ले गया। लड़की को उसने 4 दिन तक पंजाब में बंधक बनाकर रखा। उसने लड़की से कहा कि, शादी करेंगे। उधर, परिजन अपनी बेटी को खोज रहे थे। परिजनों को पता चला कि बेटी पंजाब के अमृतसर में है। जिसके बाद बेटी को परिजनों ने अमृतसर से बरामद किया।

कुंडली पुलिस ने दर्ज किया केस
इस मामले में परिजनों की शिकायत पर सोनीपत की कुंडली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, धरनास्थल में आए आरोपी की करतूत सामने आने पर संयुक्त किसान मोर्चा के शीर्ष नेताओं ने थाना प्रभारी से मुलाकात की है। उन्होंने इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। संयुक्त किसान मोर्चा के डॉ. दर्शनपाल ने कहा कि, किसान आंदोलन को इस तरह बदनाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि, संयुक्त किसान मोर्चा महिला हिंसा के खिलाफ है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहीं ये बातें
डॉ. दर्शनपाल सिंह, योगेंद्र यादव आदि नेता बोले कि, नाबालिग लड़की उसके परिवार को मिल चुकी है। हमारे लोगों ने महिला समिति के सदस्यों के साथ नाबालिग लड़की की मां से भी मुलाकात की है। हमने लड़की के परिजनों को पूरा सहयोग देने की बात कही है।

आरोपी कर्ण फरार हो चुका
नाबालिग किशोरी के परिजनों के मुताबिक, युवक ने उनकी बेटी के साथ जोर-जबरदस्ती की। बेटी 4 दिन पहले लापता हो गई थी। बुधवार को बेटी ने फोन करके बताया था कि वह अमृतसर में है। यहां उसे कर्ण नामक का युवक लेकर आया है। बेटी का कॉल आने के बाद परिजन कुंडली पुलिस के साथ अमृतसर पहुंचे और वहां से बेटी को बरामद कर लिया। उधर, आरोपी कर्ण फरार हो चुका था।

लड़की से हिंसा-शोषण की होगी जांच
कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार का कहना है कि, लड़की से हिंसा व शोषण की जांच होगी। यह पता किया जाएगा कि नाबालिग के साथ शोषण तो नहीं हुआ है। इसके लिए लड़की के बयान दर्ज किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications