हरियाणा में ब्लैक फंगस के मरीज यहां ज्यादा, 24 घंटे में 5 मरे, अब तक 95 ने दम तोड़ा
अग्रोहा। कोरोना से जूझने वाले मरीज ब्लैक फंगस का शिकार हो रहे हैं। हरियाणा में ऐसे मरीज अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में ज्यादा सामने आ रहे हैं। अकेले इसी मेडिकल कॉलेज में पिछले 24 घंटे में ब्लैक फंगस से पीड़ित 5 मरीजों की मौत हो गई। साथ ही यहां अब तक ब्लैक फंगस से 95 जानें जा चुकी हैं। इन लोगों की जान उपचार के दौरान गई। एक कर्मचारी ने बताया कि, महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में अभी 49 मरीज भर्ती हैं और 210 डिस्चार्ज हो चुके हैं।

महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में इन दिनों भी ब्लैक फंगस के काफी मरीज इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 2 मरीज भर्ती हुए हैं। वहीं, डॉक्टरों की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी है। इस मेडिकल कॉलेज के एमएस नजीर अहमद पंडित, नोडल अधिकारी डॉ. राजीव चौहान, मीडिया प्रभारी डॉ. अनूप ग्रोवर आदि ने कहा कि, यहां अभी तक ब्लैक फंगस के 337 मरीज भर्ती हो चुके हैं। जिनमें से 210 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं और 49 मरीज अभी भर्ती हैं।

हालांकि, दुख की बात यह है कि, पिछले 24 घंटे में ब्लैक फंगस के 5 मरीजों की मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि, कोरोना मरीजों के मामले में अब राहत है। यहां पिछले 48 घंटे में कोरोना का कोई मरीज भर्ती नहीं हुआ और न ही ऐसे किसी मरीज की मौत हुई। चिंताजनक तो यह है कि, ब्लैक फंगस के मरीज दम तोड़ रहे है। नए मरीज भी ब्लैक फंगस के इलाज करवाने के लिए आ रहे हैं।

मीडिया प्रभारी डॉ. अनूप ग्रोवर के मुताबिक, ब्लैक फंगस की वजह से एक मरीज का जबड़ा निकालना पड़ा। वहीं, 5 मरीजों की आंखों में इंजेक्शन लगाए गए।












Click it and Unblock the Notifications