कोरोना से हरियाणा में अब तक 10 हजार से ज्यादा लोगों की जानें गईं, सरकार बोली- सिर्फ 54 बच्चे अनाथ हुए
चंडीगढ़। देश की राजधानी दिल्ली से सटे प्रदेश हरियाणा में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार हो गया है। सरकार के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक मिले कुल 7,69,569 संक्रमितों में से 7,59,179 रिकवर हो चुके हैं। वहीं, बीते रोज तक 1,05,76,646 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। कोरोना से अब तक हुई मौतों में से सबसे ज्यादा 44% यानी 4413 मौतें दूसरी लहर में मई माह में हुईं। इस दरम्यान हर दिन औसतन 21 लोगों की जान गई। 17 मई को प्रदेश में एक दिन में सबसे अधिक 182 मौतें दर्ज की गई थीं।

कोरोना से सबसे ज्यादा हिसार में हुईं मौतें
राज्य में कोरोना से सर्वाधिक 1135 मौतें हिसार में हुईं, वहीं सबसे कम 119 मौतें नूंह में दर्ज की गईं। प्रदेश में कोरोना की पहली लहर के 312 दिन में 3037 मौतें दर्ज की गईं। यानी रोज 9 से ज्यादा मौतें हुईं। वहीं, दूसरी लहर के 162 दिन में 6963 मौतें दर्ज की गईं, यानी रोज करीब 43 मौतें हुईं। सरकार के आंकड़े बताते हैं कि, कुल मौतों में से 40% मौतें हिसार, गुड़गांव, फरीदाबाद, भिवानी और रोहतक में ही हुईं। पूरे हरियाणा में जिस दिन कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें दर्ज की गईं, वो दिन था- 17 मई। तब यहां अब तक की सर्वाधिक मौतें हुईं।

95 परिवारों के बच्चे अनाथ, सरकार नहीं मानती
प्रदेश में कोरोना की वजह से 95 परिवारों के बच्चे अनाथ हुए हैं, यह जानकारी प्रदेश के एक प्रमुख समाचार पत्र की खबर से सामने आई है। वहीं, सरकारी रिकॉर्ड में महज 54 परिवारों के बच्चे अनाथ हुए बताए गए हैं। यह आंकड़ा इसलिए ज्यादा महत्व रखता है, क्योंकि सरकार ने कोरोना से जान गंवाने वाले परिवारों के बच्चों के पालन-पोषण एवं अनुग्रह राशि के तौर पर मोटी रकम देने की घोषणा की थी। सरकार की ओर से ऐसे बीपीएल परिवारों के आश्रितों को 2 लाख रुपए मुआवजा दिया जाना है। हालांकि, अभी तक 28 ऐसे पात्रों को ही रकम दी गई है। बच्चों की देखभाल के लिए हर महीने 2500 रुपए मिलेंगे। जब तक कि वह 18 साल का न हो जाए। वहीं, बालिकाओं को शादी के लिए भी 51 हजार रुपए सरकार देगी।

इस आंकड़े से खुश है सरकार
हरियाणा के लिए राहत की बात यहां की रिकवरी रेट बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि, प्रदेश में कोरोना से मृत्यु दर 1.2% है, जो देश के कई अन्य राज्यों के मुकाबले बेहतर है और पूरे देश में वो 2.3% रही है। रिकवरी रेट की बात की जाए तो 98.6% बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications