कुंभ मेला 2021: एयर बैलून में हुए विस्फोट से तीन छात्र गंभीर रूप से घायल, भव्यता को दर्शाने के लिए लगाए गए थे
कुंभ मेला 2021: एयर बैलून में हुए विस्फोट से तीन छात्र गंभीर रूप से घायल, भव्यता को दर्शाने के लिए लगाए गए थे
हरिद्वार। खबर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से है। यहां महाकुंभ मेले में सोमवार (05 मार्च) की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में ऋषिकुल विद्यापीठ संस्कृत महाविद्यालय के छह छात्र घायल हो गए। तीन छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई, जबकि दो छात्रों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक छात्र को कैलाश अस्पताल देहरादून में भर्ती कराया गया है। दरअसल, कुंभ मेले की भव्यता को दर्शाने के लिए जगह-जगह बड़े-बड़े गुब्बारे लगाए गए थे, जिनमें से एक एयर बैलून में ब्लास्ट हो गया।

ये मामला हरिद्वार जिले के ऋषिकुल महाविद्यालय परिसर का है। जानकारी के मुताबिक, ऋषिकुल महाविद्यालय परिसर के बराबर में कुंभ मेले के लिए बनाये गए अस्थायी बस स्टैंड में लगा एयर बैलून महाविद्यालय के परिसर में आ गिरा। बैलून के वहां गिरते ही उसमें ब्लास्ट हो गया। बैलून के फटते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई। आनन-फानन इसकी जानकारी कुंभ मेला पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम द्वारा हादसे की जांच की जा रही है।
वहीं, महाविद्यालय प्रबंधन ने बैलून लगाने वाली दीपाली डिजाइनिंग कंपनी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अभी 15 दिन पहले भी बस स्टैंड में लगा बैलून महाविद्यालय परिसर में गिर गया था। वहीं, अब सोमवार रात को भी बैलून फटने से विनय जोशी, दीपक बहुगुणा और ललित भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रात में भी अस्पताल में भर्ती कराया दिया गया था। दो छात्रों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक छात्र को कैलाश अस्पताल देहरादून में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि कुंभ की भव्यता को दर्शाने के लिए शहर में जगह-जगह एयर बैलून लगाए गए हैं। जिस पर कुंभ का स्लोगन भी लिखा गया है। ऐसे में कुछ ही दिन में दो बार बैलून का गिरना कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहा है। एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान का कहना है कि गैस कम होने के कारण बैलून खुद ही नीचे आने लगता है। यह बैलून लगाने वाली कंपनी की जिम्मेदारी होती है कि वह समय-समय पर बैलून में गैस चेक करे।












Click it and Unblock the Notifications