हरिद्वार: 14 कांवड़ियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने किया क्वारंटाइन, सादे कपड़ों में किया था सीमा पार
देहरादून, 26 जुलाई। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कोरोना महामारी की वजह से इस साल कांवड़ यात्रा को रद्द करने का फैसला लिया। उत्तराखंड में कांवड़ियों के आने पर प्रतिबंध लगाया गया। साथ ही सरकार ने सीमा पर पुलिस चौकसी कड़ी कर दी है। जगह-जगह कांवड़ियों से हरिद्वार न आने की अपील के पोस्टर लगाए गए हैं। इसके बावजूद कुछ लोग उत्तराखंड की सीमा में घुसने में कामयाब रहे। पुलिस चेकिंग को धता बताकर हरिद्वार पहुंचे इन लोगों ने हरि की पैड़ी पर जाकर कांवड़ियों के कपड़े पहनकर बम भोले का जयकारा लगाया। ऐसे 14 लोगों को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

हरिद्वार में इन 14 कांवड़ियों को पकड़ कर पुलिस ने 14 दिन के लिए क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया है जिनके बारे में जानकारी मिली है कि सभी हरियाणा के सोनीपत के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, इनके खिलाफ आपदा प्रबंधन कानून के तहत एक्शन लिया जाएगा। सीओ सिटी अभय सिंह के मुताबिक, प्रतिबंध के बावजूद हरि की पैड़ी में कुछ लोगों ने नियमों को तोड़ने की कोशिश की है। कुल 14 लोग कांवड़ियों के कपड़े में थे और जयकारा लगा रहे थे। इनको पुलिस ने पकड़ कर क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया है। कांवड़ियों के हरिद्वार आने के सवाल पर एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज ने कहा कि उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पकड़े गए कांवड़ियों ने पुलिस को बताया है कि उनको हरिद्वार में कांवड़ मेला नहीं लगने की जानकारी नहीं थी। कहा कि उन सबने हरिद्वार जाकर इस बार जल लाने की प्लानिंग की थी। छोटे ट्रक में वे नारसन की सीमा की तरफ से सादे कपड़ों में हरिद्वार आए थे। हरिद्वार में ही उन्होंने कांवड़ियों के कपड़े दुकान से खरीदे और पहने। वे भोले बाबा का जयकारा लगा रहे थे कि किसी ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने दो दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है जो कांवड़ यात्रा के सामान बेच रहे थे। इस बारे में सीओ सिटी अभय सिंह ने कहा कि जो भी इस बार कांवड़ की सामग्री बेचता पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications