मंडप में जाने से दूल्हे ने किया इनकार, बताई ऐसी वजह कि बाराती और घराती रह गए हैरान, बुलानी पड़ी पुलिस
उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में एक शादी समारोह में दूल्हे ने जयमाल के बाद शादी करने से इनकार कर दिया। दूल्हे द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद लड़की पक्ष और बारात में शामिल हुए लोग हैरान रह गए। उसे समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना।
बाद में लड़की के घर वालों ने पुलिस को फोन करके जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची तो पुलिस के सामने भी लड़का शादी करने से इनकार करता रहा। अंत में बात नहीं बनी तो लड़के के घर वालों ने शादी में हुआ खर्च लौटने की बात कही और बारात वापस लौट गई।

याद आने लगी प्रेमिका
दरअसल, उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत एक गांव के रहने वाले दीपेंद्र नामक युवक की शादी 10 दिसंबर को हरदोई जनपद के माधवगंज में एक लड़की के साथ होनी थी। बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस में लड़की पक्ष की तरफ से तैयारी पूरी की गई थी।
बारात समय पर आ गई और फिर विवाह का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस दौरान जयमाल स्टेज पर दूल्हा दुल्हन पहुंचे। इस दौरान दूल्हे ने जहां दुल्हन को माला पहनाई वही दुल्हन ने भी दूल्हे को खुशी-खुशी वरमाला पहनाई। सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा।
इसी दौरान मंडप में जाने की बारी आई तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। पूछने पर दूल्हे ने बताया कि उसे उसकी प्रेमिका की याद आ रही है और उसकी प्रेमिका उसके बिना नहीं रह सकती है। उसने कहा कि यदि वह शादी करेगा तो उसकी प्रेमिका आत्महत्या कर लेगी।
ऐसे में अब वह शादी नहीं कर सकता है और अपनी प्रेमिका के लिए वह ऐसा निर्णय ले रहा है। दूल्हे द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद काफी देर तक लड़की वाले इंतजार करते रहे। बाद में जब उनको पता चला कि दूल्हे का अफेयर किसी दूसरी लड़की से है तो वह लोग भी हैरान रह गए।
दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों ने दूल्हे को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह शादी करने को राजी नहीं हुआ। बाद में पुलिस को बुलाया गया। मतलब में पहुंची पुलिस दूल्हे को पकड़कर थाने ले आई। बाद में दोनों पक्षों में आपस में सुलह समझौता हो गया।
लड़के के घर वालों ने लड़की के घर वालों को 9 लाख देने की बात कही। उसके बाद बारात वापस लौट गई। इस मामले में थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों ने आपस में सुलह समझौता कर लिया है। यदि लड़की पक्ष की तरफ से तहरीर दी जाएगी तो मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications