शादी के दौरान अचानक गिर गई दीवार, फिर दो बारातों के बीच हो गई जूतम-पैजार
ग्वालियर में मैरिज गार्डन की दीवार गिरने पर शादी कर रहे दोनो मैरिज गार्डन मे मौजूद लोगो में हुआ झगड़ा
ग्वालियर, 12 जुलाई। ग्वालियर में दो शादियों की बारातियों और घरातियों के बीच जमकर संघर्ष हो गया। दो मैरिज गार्डन में हो रही शादियों के दौरान अचानक से मैरिज गार्डन के बीच की दीवार गिर गई और इसी बात को लेकर दोनों ही शादियों के बराती और घरातियों में जमकर संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में दोनों ही पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घटना घास मंडी इलाके के कोटेश्वर रोड की बताई गई है।

दो मैरिज गार्डन की बीच की दीवार गिरी
कोटेश्वर रोड पर निर्मल मैरिज गार्डन और परमार मैरिज गार्डन स्थित हैं। दोनों ही गार्डन के बीच में एक दीवार भी थी। दोनों मैरिज गार्डन में शादी समारोह चल रहा था। एक मैरिज गार्डन में कुशवाहा परिवार का शादी समारोह आयोजित किया गया था जबकि दूसरे मैरिज गार्डन में बाल्मीक परिवार का शादी समारोह आयोजित किया जा रहा था। तभी अचानक दोनों गार्डन के बीच की दीवार भरभरा कर ढह गई।
दीवार गिरने से दोनों मैरिज गार्डन में फैल गई अव्यवस्था
दोनों मैरिज गार्डन के बीच की दीवार गिरने से दोनों ही मैरिज गार्डन में अव्यवस्था फैल गई। दोनों मैरिज गार्डन में आयोजित शादी समारोह में दीवार गिरने से भगदड़ मच गई और भोजन व्यवस्था भी खराब हो गई। इस बात को लेकर दोनों ही मैरिज गार्डन में शादी कर रहे परिवार एक दूसरे को दीवार गिरने के लिए जिम्मेदार ठहराने लगे।
बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर टूट पड़े
एक दूसरे पर दीवार गिराने का आरोप लगा रहे दोनों ही पक्ष के बाराती और घराती आपस में इतना झगड़ा बैठे कि दोनों ही पक्ष के लोग एक दूसरे पर टूट पड़े। दोनों ही पक्ष के बारातियों और घरातियों में जमकर लात घूंसे चले, लाठी और सरिए का भी इस्तेमाल किया गया। इस वजह से दोनों ही पक्ष के कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया स्थिति को काबू
जैसे ही ग्वालियर थाना पुलिस को इस बात की जानकारी मिली कि मैरिज गार्डन में दो परिवारों के बीच संघर्ष हो रहा है तो पुलिस मौके पर पहुंच गई और इस स्थिति को काबू में किया। इसके बाद घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भी भिजवाया।
पुलिस ने किया क्रॉस मामला दर्ज
दो पक्षों के बीच हुए इस संघर्ष में पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है। कुशवाहा परिवार की तरफ से पुलिस ने जय सिंह कुशवाहा को फरियादी बनाते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, वहीं बाल्मीकि परिवार की तरफ से महेश वाल्मीकि को फरियादी बनाते हुए पुलिस ने चार लोगों पर विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications