शादी करने के लिए फर्जी लेफ्टिनेंट बन गया मुरैना का युवक, भेद खुला तो होने वाली दुल्हन को लेकर भागा
खुद को लेफ्टिमेंट बताकर मुरैना का युवक करने चला था ग्वालियर की लड़की से शादी, भेद खुलने पर टूटी शादी तो लड़की को लेकर भागा।
ग्वालियर, 13 मई। मुरैना के एक युवक ने शादी रचाने के लिए खुद को लेफ्टिनेंट बताया। शादी होने से पहले ही जब लड़की के परिजनों को इस धोखेबाजी का मालूम हुआ तो लड़का अपनी होने वाली दुल्हन को लेकर भाग गया। लड़की के पिता ने फर्जी लेफ्टिनेंट के खिलाफ बहोड़ापुर थाने में मामला दर्ज करवाया है।

दरअसल कोटेश्वर मोहल्ला निवासी सुरेन्द्र सिंह अपनी बेटी के रिश्ते के लिए लड़का तलाश कर रहे थे। तभी उनका संपर्क मुरैना निवासी गुड्डू राठौर से हुआ। गुड्डू राठौर ने बताया कि उनका बेटा सुनील भी शादी के लायक है। सुरेन्द्र ने जब सुनील के काम काज के बारे में पूछा तो गुड्डू ने बताया कि सुनील सेना की राजपूत रेजीमेंट मे लेफ्टिनेंट के पद पर पदस्थ है। ये जानकार सुरेन्द्र ने गुड्डू से सुनील का रिश्ता अपनी बेटी के साथ तय करने की इच्छा जाहिर की। गुड्डू सिंह भी अपने बेटे की शादी के लिए तैयार हो गए। सुनील को लड़की भी दिखाई गई। लड़का और लड़की ने एक दूसरे को पसंद कर लिया। शुभ मुहूर्त मे दोनों की सगाई भी कर दी गई। दोनो तरफ के रिश्तेदार इकट्ठा हुए और धूमधाम से सगाई कर दी गई।
लड़की के पिता को हुई शंका तो खुल गया पूरा भेद
रिश्ता पक्का होने के बाद सुनील का अपनी होने वाली ससुराल मे आना जाना शुरु हो गया। सुनील हर बार सेना की वर्दी मे ही ससुराल पहुंचता था। सुनील की अपनी होने वाली दुल्हन के साथ काफी बातचीत भी होने लगी। कुछ दिनों बाद सुरेन्द्र को सुनील पर शक होने लगा। सुनील की हरकतों से सुरेन्द्र को लगा कि जरुर कुछ गड़बड़ है। जब सुरेन्द्र ने सेना मे संपर्क करके सुनील की जानकारी ली तो मालूम हुआ कि सुनील सेना मे लेफ्टिनेंट नहीं बल्कि वह तो बेरोजगार है।
रिश्ता तोड़ते ही लड़की को लेकर भाग गया सुनील
फर्जी लेफ्टिनेंट की बात सामने आने पर सुरेन्द्र ने अपनी बेटी का रिश्ता तोड़ दिया। सुनील ने लड़की को अपनी बातों से बहलाकर लड़की को अपने साथ भगा ले गया। इस बात की शिकायत लड़की के पिता सुरेन्द्र ने बहोड़ापुर थाने मे की। सुरेन्द्र की शिकायत पर से पुलिस ने सुनील के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए फर्जी लेफ्टिनेंट सुनील और लड़की दोनो की तलाश शुरु कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications