भिंड मुरैना के बाद अब अशोक नगर में हुई डकैत गिरोह की दस्तक
अशोकनगर के ईसागढ़ और उसके आसपास के इलाके मे एक डकैत गिरोह ने दस्तक दी है। इस गिरोह मे 2 महिला डकैत भी शामिल हैं। पुलिस ने इन इलाकों की सर्चिंग शुरु कर दी है।
अशोक नगर, 26 मई। भिंड और मुरैना के बाद अब अशोक नगर में भी डकैत गिरोह ने दस्तक दे दी है। अशोकनगर की ईसागढ़ के कुछ इलाकों में इस गैंग को ग्रामीणों ने देखा है। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना पुलिस को भी दी है जिसके बाद से पुलिस ने डकैतों की तलाश शुरू कर दी है।

12 लोगों के गिरोह में दो महिला डकैत भी शामिल
ईसागढ़ के आसपास के इलाके में देखे गए 12 सदस्यीय डकैत गिरोह में दो महिला डकैत भी बताई गई हैं। जिन लोगों ने इन डकैतों के बारे में पुलिस को जानकारी दी है उनका कहना है कि तकरीबन 10-12 लोगों का एक गिरोह है और इस गिरोह में दो महिलाएं शामिल हैं।
ईसागढ़ और उसके आसपास के इलाके में पुलिस कर रही है सर्चिंग
डकैत गिरोह की सूचना मिलने पर पुलिस ने ईसागढ़ और उसके आसपास के इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है। पुलिस ने कोहरवास के अलावा ईसागढ़ और कदवाया समेत नईसराय क्षेत्र में पड़ने वाले गांव और जंगल में सर्चिंग शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस द्वारा लगातार ग्रामीणों से पूछताछ करके डकैत गिरोह के बारे में जानकारी भी जुटाई जा रही है।
ग्राम कोहरवास में डकैत गिरोह दो बार दे चुका है आमद
ग्रामीणों की माने तो ग्राम कोहरवास में डकैत गिरोह अब तक दो बार अपनी आमद दे चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि कोहरवास में रहने वाले संतोख सिंह के घर पर डकैत गिरोह पहुंचा था लेकिन संतोख सिंह ने शोर मचाया तो गांव के अन्य लोग दौड़े चले आए। इसके बाद डकैत गिरोह वहां से निकल गया। ऐसा एक बार नहीं बल्कि दो बार हो चुका है जब डकैत गिरोह कोहरवास में देखा गया है।
भिंड और मुरैना में भी देखा जा चुका है दो महिला सदस्यों वाला डकैत गिरोह
भिंड और मुरैना के बीहड़ों में भी दो महिला सदस्यों वाला डकैत गिरोह देखा जा चुका है। कुछ महीने पहले भिंड और मुरैना के अलग-अलग इलाकों में इस डकैत गिरोह को देखा गया है। इस डकैत गिरोह में 2 महिला सदस्य होने की पुष्टि भी ग्रामीणों द्वारा की गई है। हालांकि पिछले कुछ समय से इस डकैत गिरोह को भिंड और मुरैना में किसी ने नहीं देखा, लेकिन अब अशोकनगर की ईसागढ़ में ऐसे ही डकैत गिरोह के मूवमेंट की खबर मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications