ग्वालियर में माफियाओं के हौसले बुलंद, वन विभाग की टीम पर किया हमला
ग्वालियर में माफियाओं ने किया वन विभाग की टीम पर हमला, पत्थर से भरी गाड़ी और चालक को छुड़ा ले गए माफिया
ग्वालियर, 19 जून। ग्वालियर चंबल संभाग में सक्रिय माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अधिकारियों पर भी हमला करने से गुरेज नहीं करते हैं। ऐसा ही एक मामला ग्वालियर में सामने आया है। यहां अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर माफियाओं ने लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला बोल दिया। गनीमत यह रही कि वन विभाग की टीम के किसी सदस्य को चोट नहीं आई लेकिन वन विभाग की टीम का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

दरअसल घाटीगांव इलाके में वन विभाग की टीम ने पत्थर भरकर ले जा रहे एक वाहन को पकड़ा था। अवैध रूप से वाहन द्वारा पत्थर का परिवहन किया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम में मौजूद रेंजर साधना चौहान ने पत्थर से भरे वाहन को पकड़ लिया। इसके साथ ही वाहन चला रहे चालक रामनाथ गुर्जर को भी हिरासत में ले लिया।
माफियाओं ने रास्ते में कर दिया वन विभाग के अमले पर हमला
पत्थर से भरे वाहन को पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम ने वाहन चालक को भी अपनी हिरासत में ले लिया था। इसके बाद वन विभाग की टीम वाहन और चालक दोनों को लेकर जाने लगी। तभी रास्ते में माफियाओं ने वन विभाग की टीम को घेर लिया दो दर्जन माफियाओं ने लाठी-डंडे और पत्थर से वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। खुद को माफियाओं के बीच घिरा देखकर वन विभाग की टीम ने शांत रहना ही मुनासिब समझा। हालांकि माफियाओं ने वन विभाग के वाहन पर पथराव कर दिया जिससे वन विभाग का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद माफिया पत्थर से भरी गाड़ी और चालक रामनाथ गुर्जर को छुड़ा कर ले गए।
ग्वालियर चंबल संभाग में अक्सर होते रहते हैं अधिकारियों पर हमले
ग्वालियर चंबल संभाग में माफियाओं की जड़ें इतनी मजबूत हो गई है कि वे अक्सर अधिकारियों पर हमला कर देते हैं। खास बात यह है कि इन माफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से माफियाओं के हौसले बुलंद हो जाते हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल में इन दिनों रेत माफिया, पत्थर माफिया और लकड़ी माफिया सक्रिय है।












Click it and Unblock the Notifications