Gwalior News: बीमार दोस्त की जगह परीक्षा दे रहा था फर्जी मुन्नाभाई, पांचवें पेपर में ऐसे हुआ गिरफ्तार
MP Board Exam 2024: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 10वीं बोर्ड की परीक्षा में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ में आया है। खास बात ये है कि परीक्षार्थी अपने दोस्त की जगह परीक्षा देने के लिए आया था।
जानकारी मुताबिक हजीरा स्थित शासकीय उत्कृष्ठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 10वीं की परीक्षा के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया है। उसे पर्यवेक्षक ने जांच के दौरान पकड़ा। दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देने आया था।

केंद्राध्यक्ष की ओर से हजीरा थाने में एफआइआर दर्ज करवाई गई है। सीएसपी महाराजपुरा सर्किल नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि अभी दसवीं की परीक्षा चल रही है। गुरुवार को विज्ञान विषय का प्रश्न पत्र था।
शासकीय उत्कृष्ठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र में आदित्य परमार निवासी हजीरा को परीक्षा देने पहुंचना था।
जब जांच की गई तो उसकी जगह दूसरा छात्र परीक्षा देने पहुंचा। उसकी जगह संजय पाल परीक्षा देने आया था। पर्यवेक्षक ने जांच की। इस दौरान वह पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। हजीरा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक षड़यंत्र रचने सहित अन्य धाराओं में दोनों पर एफआइआर दर्ज की है।
ऐसे हुआ खुलासा
दरअसल इस समय स्टेट बोर्ड की हाई स्कूल की परीक्षाएं चल रही हैं। ग्वालियर उप नगर इलाके में स्थित कॉन्वेंट स्कूल में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हरिओम कॉन्वेंट स्कूल के छात्र जिसका रोल नम्बर 141450169 का सेंटर भी सीबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल में था।
विज्ञान के पेपर के दौरान आकस्मिक निरीक्षण के दौरान संभागीय फ्लाइंग स्क्वायड वहां पहुंची हुई थी। स्कूल के कक्ष नम्बर 11 में जांच के दौरान उन्हें परीक्षा दे रहे एक परीक्षार्थी की उम्र कुछ ज्यादा दिखी तो उन्होंने बोर्ड के एप्प के जरिए दस्तावेजों की जांच की। नामांकित छात्र की उम्र साढ़े सत्रह साल निकली। फोटो का मिलान चेहरे से करते ही सारा मामला खुल गया।
मामला उजागर होते ही हुई बहस
जैसे ही मामला उजागर हुआ तो टीम ने उससे एडमिट कार्ड के फोटो से शक्ल का मिलान न होने की बात कही तो उसने सफाई देते हुए कहा कि यह फोटो पुराना है। शुरू में तो वह इसी बात पर अड़ा रहा कि वह सही परीक्षार्थी है और अपनी ही परीक्षा दे रहा है।
लेकिन काफी बहस के बाद आखिरकार उसने स्वीकार कर लिया कि वह अपने दोस्त के स्थान पर पेपर देने आया है. अब तक चार पेपर दे चुका है। इस मामले में परीक्षा केंद्र अधीक्षक से लेकर परीक्षा में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों तक की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पकड़े गए युवक ने बताया कि दोस्त की जगह शुरू से ही वह एग्जाम दे रहा है. वह चार पेपर दे चुका था लेकिन पांचवे में पकड़ गया।
संवाद सूत्र: पंकज श्रीमाली, ग्वालियर/मध्य प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications