Gwalior News: साले की जीजा ने की दो बार हत्या, फिर दोस्तों के साथ मिलकर शव के साथ की हैवानियत
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में संपत्ति के लालच में हत्याकांड का खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने संपत्ति के लालच में अपने साले की हत्या कर दी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए साले की लाश को हाईवे पर ले गया और गाड़ी से एक्सीडेंट किया।
जानकारी अनुसार 5 जनवरी को आगरा-झांसी हाईवे पर बेहटा के पास एक युवक की लाश देखी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा मृतक के गले पर निशान और सिर में चोट लगी हैं। उसकी पहचान उपेंद्र यादव के रूप में हुई, जो कि भिंड जिले का रहने वाला था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद जांच शुरू हुई तो मृतक के जीजा भूरे उर्फ संजय की गतिविधि संदिग्ध लगी। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसको हिरासत में लिया और पूछताछ की। शुरुआत में संजय पुलिस को झूठी कहानी बता रहा था।
मगर, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया कि अपने साथी चालीराजा और उमर के साथ मिलकर साले उपेंद्र को प्लॉट दिखाने के बहाने बड़ा गांव क्षेत्र में बुलाया। यहां से गाड़ी में बैठाकर बेहटा क्षेत्र में ले गया और रस्सी से गला घोंटकर मौत की नींद सुला दिया।
हत्या को हादसा दिखाने के लिए गाड़ी से लाश को टक्कर मारी थी। इसकी वजह से सिर में चोट आई थी। हत्या के पीछे की वजह पूछने पर उसने बताया कि उपेंद्र और संजय दोनों टेंट का बिजनेस करते थे। उपेंद्र अक्सर संजय को गालियां देता था। इस बात से संजय विरोध रखने लगा था।
इसके अलावा उपेंद्र के पिता की 15 साल पहले हत्या हो गई थी। उपेंद्र घर में इकलौता बेटा था। सारी संपत्ति उसके नाम थी। वो प्रॉपर्टी का काम भी करता था। उसकी प्रॉपर्टी के लालच में हत्या कर दी।
पुलिस ने संजय और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर राजेश सिंह ने कहा कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications