ग्वालियर की जामा मस्जिद में फहराया तिरंगा, अंचल में मनाया गया आजादी का पर्व
ग्वालियर की जामा मस्जिद में फहराया गया तिरंगा, ग्वालियर-चंबल अंचल में मना आजादी का पर्व
मुरैना, 15 अगस्त। ग्वालियर चंबल संभाग में स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। ग्वालियर की जामा मस्जिद में तिरंगा फहराया गया। मुरैना में प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने ध्वजारोहण किया, वहीं दतिया में प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ ने तिरंगा फहराया, जबकि ग्वालियर और भिंड में कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया गया। पूरा ग्वालियर चंबल अंचल आजादी के रंग में रंगा हुआ नजर आया।

मुरैना में भारत सिंह कुशवाह ने फहराया तिरंगा
मुरैना के एसएएफ ग्राउंड में स्वतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री और मध्य प्रदेश सरकार के उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने ध्वजारोहण किया। यहां ध्वजारोहण के बाद मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने परेड की सलामी ली। इसके साथ ही साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।

सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास में किया भोजन
उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह स्वतंत्र दिवस के कार्यक्रम के बाद सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास में पहुंचे। यहां आजादी का जश्न मनाया जा रहा था। आजादी के जश्न के अवसर पर यहां स्वादिष्ट भोजन भी बनाया गया था। प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने यहां बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इस मौके पर मुरैना के कलेक्टर बी. कार्तिकेन और मुरैना एसपी आशुतोष बागरी ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया।

दतिया में प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ ने फहराया तिरंगा
दतिया की पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ भी शामिल हुए। प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ ने यहां ध्वजारोहण किया और इसके बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। प्रभारी मंत्री ने परेड की सलामी भी ली। इस मौके पर दतिया के कलेक्टर और एसपी समेत अन्य जनप्रतिनिधि गण मौजूद रहे।

ग्वालियर में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने फहराया तिरंगा
ग्वालियर में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने तिरंगा फहराया। स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम एसएएफ ग्राउंड में आयोजित किया गया। एसएएफ ग्राउंड में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और परेड की सलामी भी ली। यहां पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां भी दी गई।

भिंड में कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस. ने किया ध्वजारोहण
भिंड की पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भिंड कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस. ने ध्वजारोहण किया। भिंड जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दमोह में ध्वजारोहण किया। इस वजह से भिंड में कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर ने परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

ग्वालियर की जामा मस्जिद में भी हुआ ध्वजारोहण
ग्वालियर की जामा मस्जिद में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल और धर्म गुरु संत कृपाल सिंह जी पहुंचे। यहां जामा मस्जिद परिसर में तिरंगा फहराया गया। जामा मस्जिद में मौजूद हर बच्चे के हाथ में तिरंगा लहराता हुआ नजर आया।












Click it and Unblock the Notifications