ग्वालियर में एक बार फिर एबीवीपी की गुंडागर्दी का वीडियो आया सामने
ग्वालियर में एबीवीपी का एक और गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है, एसएलपी कॉलेज के प्रिंसीपल को एबीवीपी के छात्र नेता धमका रहे है
ग्वालियर, 29 अगस्त। ग्वालियर में एबीवीपी की गुंडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। 2 दिन पहले ही एबीवीपी के छात्र नेता संदीप वैष्णव द्वारा जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति को धमकाया गया था। 2 दिन बाद एबीवीपी के छात्र नेताओं द्वारा एसएलपी कॉलेज के प्रिंसिपल को धमकाने का वीडियो सामने आया है।

मुरार स्थित एसएलपी कॉलेज में हुआ घटनाक्रम
जो वीडियो सामने आया है वह मुरार एसएलपी कॉलेज का बताया गया है। जानकारी के अनुसार मुरार एसएलपी कॉलेज में एबीवीपी द्वारा छात्रों को जबरन संगठन में शामिल करने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान का विरोध कॉलेज के कुछ छात्रों ने कर दिया। जिस पर एबीवीपी के छात्र नेताओं ने विरोध करने वाले एक छात्र की जमकर पिटाई कर दी।
Recommended Video

मामला प्रिंसिपल पर पहुंचा
छात्र के साथ जब मारपीट हुई तो छात्र ने इस बात की शिकायत कॉलेज के प्रिंसिपल आरकेएस सेंगर को कर दी। आरकेएस सेंगर को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने एबीवीपी के छात्र नेताओं को बात करने के लिए बुलवाया लेकिन एबीवीपी के छात्र नेताओं ने प्रिंसिपल को ही धमकी दे दी।

चुटकी बजाकर दी धमकी
एबीवीपी के यूनिवर्सिटी इकाई के अध्यक्ष हिमांशु श्रोत्रिय ने अन्य छात्र नेताओं के साथ मिलकर प्रिंसिपल के रूम में पहुंचकर धमकी दी। सभी छात्र नेता रोष में नजर आए। छात्र नेता रूम में काफी देर तक चिल्लाते रहे और चुटकी बजाकर प्रिंसिपल को धमकाते रहे। एक छात्र नेता ने तो प्रिंसिपल से यह तक कह दिया कि उनकी कुर्सी तब तक है जब तक वे चाहते हैं।

इससे पहले जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति को दे चुके हैं धमकी
एसएलपी कॉलेज में हुए घटनाक्रम से पहले जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति को धमकी देने का मामला भी सामने आ चुका है। जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति को एबीवीपी के छात्र नेता संदीप वैष्णव में खुलेआम धमकी दे दी थी कि आप की कुर्सी जाने 5 मिनट का भी वक्त नहीं लगेगा। खास बात यह रही कि इस धमकी के बाद भी कुलपति प्रो.अविनाश तिवारी ने कोई एक्शन नहीं लिया।

आखिर क्यों गुंडागर्दी पर उतर आया है एबीवीपी संगठन
एबीवीपी द्वारा गुंडागर्दी किए जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब तक ऐसा देखने को नहीं मिल रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में जिस तरीके से एबीवीपी के छात्र नेताओं द्वारा कुलपति और प्रिंसिपल को धमकाने के मामले सामने आ रहे हैं उसको देखकर तो लग रहा है कि शायद सत्ता की ताकत के नशे में चूर एबीवीपी छात्र नेता अब शिक्षण संस्थाओं पर भी अपना रसूख जमाना चाहते है।












Click it and Unblock the Notifications