आम आदमी पार्टी ने किया ऐलान, पूरी ताकत से नगरीय निकाय चुनाव लड़ेगी पार्टी
नगरीय निकाय चुनाव में उतरेगी आम आदमी पार्टी, ग्वालियर के सभी 66 वार्ड में उतारेगी प्रत्याशी
ग्वालियर, 4 जून। नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के साथ-साथ अब आम आदमी पार्टी ने भी ताल ठोक दी है। आम आदमी पार्टी ने इस बात का ऐलान प्रेसवार्ता आयोजित करके किया है कि आम आदमी पार्टी ग्वालियर में नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्येक वार्ड में अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी।

दिल्ली और पंजाब की जीत के बाद आम आदमी पार्टी बढ़ा रही है दायरा
आम आदमी पार्टी की सरकार पहले दिल्ली में बनी और अब पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई है। 2 राज्यों में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी अब मध्य प्रदेश में भी दस्तक दे रही है। यही वजह है कि नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी भी अब पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर चुकी है।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा तोमर ने दी जानकारी
आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा तोमर ने प्रेस वार्ता आयोजित करके यह जानकारी दी कि ग्वालियर में नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी सभी 66 वार्डों में अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी। आम आदमी पार्टी सर्वे के आधार पर प्रत्याशी तय करेगी। इसके साथ ही मनीक्षा तोमर ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी में जिन उम्मीदवारों को टिकट नहीं मिलेगा उन्हें आम आदमी पार्टी मौका देगी लेकिन शर्त यह रहेगी कि जो टिकट मांग रहा है उस पर कोई आपराधिक मामला दर्ज ना हो।
आम आदमी पार्टी से कांग्रेस को होगा नुकसान
आम आदमी पार्टी द्वारा नगरी निकाय चुनाव मैं अपने प्रत्याशी खड़े किए जाने के बारे में बीजेपी के जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी का कहना है कि आम आदमी पार्टी से सिर्फ कांग्रेस को ही नुकसान होगा बीजेपी को इस से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, पंजाब में भी आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को ही नुकसान पहुंचाया है।
आम आदमी पार्टी का नहीं है अंचल में जनाधार
इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरपी सिंह का कहना है कि आम आदमी पार्टी का ग्वालियर चंबल अंचल में कोई जनाधार नहीं है इसलिए आम आदमी पार्टी से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी को बीजेपी पार्टी की टीम बी करार दिया है। उनका कहना है कि जब बीजेपी को लगता है कि वह हार रही है तो वह आम आदमी पार्टी को आगे कर देती है। इस बार जनता सब कुछ समझ चुकी है और बीजेपी हो या आम आदमी पार्टी, सभी को मुंह की खानी पड़ेगी।
दिलचस्प होगा इस बार का मुकाबला
बीजेपी आम आदमी पार्टी के चुनाव मैदान में उतरने पर कांग्रेस को नुकसान बता रही है जबकि कांग्रेस आम आदमी पार्टी के बारे में कह रही है कि उसका जनाधार ही नहीं है और इन सब के बीच आम आदमी पार्टी तीसरे विकल्प के रूप में जमीन तलाश रही है। ऐसे में इस बार का नगरीय निकाय चुनाव का मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications