कुत्ते का नाम बीवी जैसा रखने पर भड़का पड़ोसी, मिट्टी का तेल छिड़ककर महिला को आग लगा दी
भावनगर। एक महिला द्वारा पालतू कुत्ते का नाम पड़ोसी की बीवी से मिलता-जुलता रखने पर वो पड़ोसी इतना खफा हो गया कि उसने मिट्टी का तेल डालकर महिला को आग लगा दी। आग से जली महिला का अब हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जहां वह मौत से जूझ रही है। उसकी पहचान 35 वर्षीय नीताबेन सरवैया के तौर पर हुई है।

यह घटना गुजरात में भावनगर जिले के पलिताना कस्बे की है। बताया जा रहा है कि, पड़ोसी द्वारा झुलसाई गई महिला नीताबेन सरवैया (35 साल) का इलाज भावनगर के गवर्नमेंट अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि नीताबेन ने अपने कुत्ते का नाम सोनू रखा था। वहीं, उनके पड़ोस में रह रहे सुरभाई भारवाड़ की पत्नी का नाम भी सोनू है। नीताबेन जब कुत्ते को सोनू-सोनू बोलती थी, तो पड़ोसियों को अच्छा नहीं लगता था। उन्होंने नीताबेन से विरोध भी जताया था। हालांकि, उसने नाम नहीं बदला।

सुरभाई इससे खफा हो गया। आखिर में उसने सबक सिखाने की ठानी। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, जिस वक्त नीताबेन सरवैया के पति अपने दो बच्चों के साथ बाहर गए हुए थे और घर में सिर्फ नीताबेन और उनका सबसे छोटा बेटा ही मौजूद था। तभी सुरभाई भारवाड़ अपने 5 दोस्तों के साथ नीताबेन के घर में घुस आया। जहां सुरभाई और सरवैया के बीच सोनू नाम को लेकर जमकर बहस हुई। पुलिस को दिए बयान में सरवैया ने कहा कि, भरवाड़ ने दुर्व्यवहार किया और जैसे ही वह किचन की ओर गई, तब एक जने ने मिट्टी का तेल डाला और माचिस जलाकर आग लगा दी।
आग लगते ही सरवैया रोने-चीखने लगी। हो-हल्ला सुनकर आस-पड़ोस के लोग दौड़े चले आए। कुछ देर बाद सरवैया के पति भी आ गए। उन्होंने कोट से आग बुझाई और सरवैया को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आई और मामला दर्ज किया। शुरूआती पड़ताल में सामने आया कि सरवैया और हमलावरों के परिवारों के बीच पहले भी पानी को लेकर झगड़ा हुआ था। हालांकि, यह मामला बातचीत के बाद सुलझा लिया गया था। बहरहाल, आग लगाने के मामले में पुलिस ने सुरभाई भारवाड़ और 5 अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications