मोदी सरनेम मामला: क्या अब जेल जाएंगे राहुल गांधी, अदालत से झटका लगने के बाद अब आगे क्या?
Rahul Gandhi Modi Surname Case: मोदी सरनेम मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गुजरात हाईकोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। अदालत ने राहुल गांधी की याचिका खारिज कर दी है। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि अब राहुल गांधी क्या करेंगे। क्या उन्हें जेल जाना होगा या कोई और विकल्प अभी मौजूद है। आइए जानते हैं कोर्ट के फैसले के बाद राहुल गांधी पर क्या असर पड़ेगा? राहुल गांधी को जेल से बचने के लिए कितने विकल्प मौजूद हैं?
कोर्ट के फैसले के बाद राहुल के पास कितने विकल्प
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के पास अब हाईकोर्ट की उच्च पीठ या फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने का विकल्प बचा हुआ है। राहुल अब पहले जमानत के लिए याचिका दायर करेंगे। अगर जमानत की याचिका खारिज होती है तो जरूर उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। अगर सुप्रीम कोर्ट से भी राहुल गांधी को राहत नहीं मिलती है तो 2024 लोकसभा चुनाव भी राहुल के लिए लड़ना मुश्किल हो जाएगा। राहुल फिर आठ साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ जाएंगे।

कोर्ट में जज ने क्या-क्या कहा?
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति हेमंत प्रच्छक ने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उनके खिलाफ कम से कम 10 आपराधिक मामले लंबित हैं। मौजूदा केस के अलावा भी उनके खिलाफ कुछ और केस भी दर्ज हुए। ऐसा ही एक मामला वीर सावरकर के पोते ने दायर किया है। न्यायमूर्ति ने आगे कहा कि दोषसिद्धि से राहुल गांधी के खिलाफ कोई अन्याय नहीं होगा। दोषसिद्धि न्यायसंगत एवं उचित है। पहले दिए गए आदेश में हस्तक्षेप करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसलिए आवेदन खारिज किया जाता है।
जानें क्या है मोदी सरनेम विवाद? (What is Modi Surname Case)
दरअसल, 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार की एक रैली में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा था कि 'कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी है?' इसी को लेकर भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। राहुल के खिलाफ आईपीसी की धारा 499 और 500 (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 23 मार्च को सूरत की सीजेएम कोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी। तब से अब तक राहुल गांधी को राहत नहीं मिल सकी है।












Click it and Unblock the Notifications