कोरोना से जान गंवा चुके कांग्रेस नेता बदरुद्दीन का आखिरी वीडियो- ये वायरस फैला तो रोकना..!
अहमदाबाद। गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बदरुद्दीन शेख कोरोना वायरस के कारण जान गंवा बैठे। वह 68 साल के थे। उनकी लाश को 28 अप्रेल की रात 2 बजे कब्रिस्तान में दफनाया गया। जनाजे में पीपीई किट पहनकर परिवार के 12 सदस्यों को शामिल होने दिया गया। अब बदरुद्दीन शेख का आखिरी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह कोरोना के संक्रमण को लेकर चेतावनी देते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा था- अगर यह वायरस फैल गया तो इसे रोकना मुश्किल होगा।

बदरुद्दीन शेख का आखिरी वीडियो कोरोना पर ही
वीडियो में आप देख सकते हैं कि, कैसे वह लोगों से लॉकडाउन का पालन करने को कह रहे हैं। वह कहते हैं- 'कोरोना वायरस चाइना से शुरू हुआ था और अब पूरी दुनिया में तेजी से पसर गया है। अमेरिका और इटली जैसे संपन्न देश आधुनिक सुविधाएं होने के बावजूद भी इसे रोकने में नाकाम रहे हैं। ऐसे में अगर भारत में यह फैल गया तो इसे रोकना नामुमकिन हो जाएगा। इससे बचने का एक रास्ता लॉकडाउन ही है। आप सब इसका चुस्त पालन करो। जमालपुरा, दाणीलिमड़ा और बहेरामपुरा की तरह ये शहर में फैल गया तो स्थिति गंभीर हो जाएगी।''

लोगों की मदद करते करते खुद चपेट में आ गए थे
बदरुद्दीन शेख अजमेर की विश्वविख्यात ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती साहब दरगाह की देखरेख की सरकारी समिति के भी ट्रस्टी थे। इन दिनों वह दाणीलिमड़ा क्षेत्र के पार्षद (म्यु़निसिपल कार्पोरेटर) थे। इस क्षेत्र को कोरोना हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। यहां बड़ी संख्या में मरीज पाए जाने के कारण कर्फ्यू भी लगाया गया था। बदरुद्दीन इस विपदा के दौर में लोगों की मदद कर रहे थे। वह लोगों को आगाह भी कर रहे थे। इसी दौरान वह खुद भी संक्रमित हो गए। उन्हें अहमदाबाद के एसवीपी स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। अब उनका वीडियो सामने आने पर लोग उन्हें दाद दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications