घर से निकलने के 24 घंटे बाद तालाब में मृत मिले 3 सगे भाई, शव निकालते वक्त गांव में मचा कोहराम
वडोदरा। गुजरात में वडोदरा के कोलियाद गांव में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां गांव के पास मौजूद एक तालाब से 8 से 13 वर्ष की उम्र के तीन सगे भाइयों के शव मिले हैं। जिसके चलते कोहराम मचा हुआ है। ये तीनों भाई घर से निकलने के 24 घंटे बाद ही इस हाल में मिले हैं। परिजनों द्वारा उनकी आसपास के गांवों में भी तलाश की जा रही थी। इसी दरम्यान कुछ गांववालों ने उनके शव तालाब में उतराते देखे। जिसकी सूचना उनके घरवालों को दी गई।

परिजन अपने पड़ोसियों समेत दौड़े-दौड़े तालाब पर पहुंचे तो बिलखने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। संवाददाता ने बताया कि, कोलियाद गांव करजण तहसील में पड़ता है। जहां रहने वाले भरवाड परिवार के 8 वर्षीय उत्तम 10 साल का ध्रुव व 13 वर्षीय मधुर मंगलवार सुबह घर से खेलने निकले थे। दोपहर तक तीनों घर नहीं लौटे तो परिवार ने तलाश शुरू की। पूरे गांव में जब उनका पता नहीं चला तो आसपास के गांवों को भी सूचना दी गई थी। बावजूद इसके तीनों का पता नहीं लगने पर परिजनों ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
इस बीच कुछ लोगों ने तालाब में शव देखे तो अन्य गांव वालों को बताया। परिजनों को पता चलने पर पुलिस को भी सूचना दी गई। तीनों मृतकों के बारे में पता चला कि, वो उत्तम, ध्रुव और मधुर ही हैं। अब एक ही परिवार के तीनों भाईयों की मौत से पूरा गांव गमगीन है।












Click it and Unblock the Notifications