गुजरात: ट्रेन के ऊपर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहा था छात्र, करंट की चपेट में आकर मौत
अहमदाबाद, 23 नवंबर: गुजरात के अहमदाबाद में स्टंट करते हुए वीडियो बनाने की कोशिश ने एक स्कूली छात्र की जान ले ली। ट्रेन पर चढ़कर वीडियो शूट कर रहा ये छात्र बिजली की लाइन की चपेट में आ गया और करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। छात्र की पहचान कक्षा 12 में पढ़ने वाले प्रेम पांचाल के तौर पर हुई है। ये घटना सोमवार शाम को हुई।

अहमदाबाद के राणीप क्षेत्र स्थित पद्मावती सोसायटी में रहने वाला 15 साल का प्रेम कक्षा 12 की पढ़ाई कर रहा था। प्रेम को सोशल मीडिया पर स्टंट करते हुए वीडियो बनाने का शौक था। सोमवार शाम को भी वह अपने मित्र के साथ वीडियो बनाने के लिए रेलवे लाइन पर पहुंचा। यहां वह प्रेम रेलवे ट्रैक पर से खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और वीडियो बनाने लगा। इसी दौरान वह बिजली के तारों की चपेट में आ गया।
परिजन आनन-फानन में उसको लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना पर राणीप पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि मृतक प्रेम को इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने का शौक था। वह अक्सर ही वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर डालता था। सोमवार शाम को भी वह दोस्त के साथ वीडियो बनाने के लिए गया था, तभी हादसे का शिकार हो गया।












Click it and Unblock the Notifications