दुबई का बताकर पाकिस्तान से खरीद लिया गया 198 मीट्रिक टन खजूर, गुजरात में DRI ने जब्त किया
सूरत। पाकिस्तान से आयात किए गए खजूर को दुबई से लाया बताकर गुजरात पहुंचाने पर डीआरआई और कस्टम विभाग ने कार्रवाई की है। यहां हजीरा के अदाणी पोर्ट पर 198 मीट्रिक टन खजूर जब्त किया गया है। डीआरआई के एक अधिकारी ने बताया कि, उन्हें सूचना मिली थी कि, वराछा की डीसी इंटरनेशनल के संचालकों ने पाकिस्तान की खजूर को रजिस्टर में दुबई का बताकर 180% (यानी लगभग 83 लाख) की ड्यूटी चोरी की है। जब डीआरआई टीम पोर्ट पर पहुंची तो वराछा के डीसी इंटरनेशनल के 5 कंसाइनमेंट में खजूर मिला। यह पाकिस्तानी खजूर था।

डीआरआई ने खजूर जब्त कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी। खबरों को देखें तो माल की चोरी और घपले की वारदातें यहां कई हो चुकी हैं। इसके एक सप्ताह पहले सचिन सेज से 60 करोड़ का हीरा जब्त किया गया था। फिर शुक्रवार को डीआरआई ने हजीरा पोर्ट से 198 मीट्रिक टन खजूर जब्त किया। डीआरआई और कस्टम विभाग की ओर से बताया गया कि, खजूर को पाकिस्तान से आयात किया गया और उसकी बाजार कीमत 50 लाख से ज्यादा थी।

एक अधिकारी ने कहा कि, फिलहाल भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापारिक लेनदेन पर पाबंदियां हैं। पाकिस्तान से कोई भी सामान भारत मंगाने पर भारी टैक्स चुकाना पड़ता है। जबकि, दुबई से मंगवाने पर महज 20% टैक्स देना होता है। बावजूद इसके हजीरा के अदाणी पोर्ट पर पाकिस्तान से खजूर आने की सूचना डीआरआई को मिली। आरोपित इस तरह से लाखों की चपत लगाने की जुगत में थे।












Click it and Unblock the Notifications