गुजरात HC को मिलेंगे सात नए जज, कॉलेजियम ने पांच न्यायिक अधिकारियों और दो वकीलों के नाम की सिफारिश की
Supreme Court Collegium: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम में चीफ जस्टिस के साथ चार वरिष्ठ जज शामिल होते हैं। ये कॉलेजियम जजों की नियुक्ति और उनके ट्रांसफर की सिफारिश केंद्र सरकार से करता है।

SC Collegium: भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुरुवार को गुजरात उच्च न्यायालय (Gujarat HC) के न्यायाधीश के रूप में पांच न्यायिक अधिकारियों और दो अधिवक्ताओं के नामों की सिफारिश की है। जिन पांच न्यायिक अधिकारियों के नाम भेजे गए हैं उनमें सुसान वेलेंटाइन पिंटो, हसमुखभाई दलसुखभाई सुथार, जितेंद्र चंपकलाल दोशी, मंगेश रमेशचंद्र मेंगडे और दिव्येशकुमार अमृतलाल जोशी शामिल हैं। वहीं दो अधिवक्ताओं में देवण महेंद्रभाई देसाई और मोक्सा किरण ठक्कर शामिल हैं।
कॉलेजियम ने कहा है कि जज पिंटो गुजरात की उच्च न्यायिक सेवा से हैं और उनके खिलाफ कुछ भी रिकॉर्ड में नहीं है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए कॉलेजियम की राय है कि सुसान वेलेंटाइन पिंटो गुजरात हाईकोर्ट की न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति पाने के लिए उपयुक्त और योग्य हैं।
जज सुथार और जज दोशी के संबंध में कॉलेजियम ने कहा कि उनकी छवि के खिलाफ कुछ भी रिकॉर्ड में नहीं मिला है। न्यायिक अधिकारी मेंगडे के नाम पर कॉलेजियम ने हाईकोर्ट में जजमेंट कमेटी की रिपोर्ट पर विचार किया, जिसने उनके विचाराधीन निर्णयों, इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट और योग्यता के संबंध में सलाहकार-न्यायाधीशों की राय का आकलन किया है।












Click it and Unblock the Notifications