गुजरात में बोले ओवैसी: नीतीश एक्सपायरी डेट वाली दवा, राहुल पीएम मैटेरियल नहीं, केजरीवाल पर क्या कहा ? जानिए
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022: असदुद्दीन ओवैसी ने गुजरात में लगभग सभी प्रमुख विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने अहमदाबाद में आजतक न्यूज चैनल के कार्यक्रम 'पंचायत आजतक गुजरात' में भाजपा-विरोधी सभी दलों के नेताओं की जमकर खिंचाई की है और कहा है कि इनमें से किसी में बीजेपी के खिलाफ लड़ाई लड़ने की ताकत नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी, नीतीश कुमार, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल तक पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि तेलंगाना में ओवैसी की पार्टी और वहां की सत्ताधारी टीआरएस में तालमेल है और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी खुद को राष्ट्रीय नेता के तौर पर उभारने की कोशिशों में लगे हुए हैं।

ओवैसी के निशाने पर भाजपा-विरोधी दलों के नेता
हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर बहुत बड़ा बयान दिया है। उनके निशाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक हैं। सबसे बड़ा बयान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर दिया है और कहा है कि वह बिल्कुल ही पीएम मैटेरियल नहीं हैं। इसी तरह उन्होंने नीतीश कुमार की ओर से की गई विपक्षी एकता के सवाल पर कहा है कि उनका वक्त अब गुजर चुका है। इसी के साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को छोटा रिचार्ज कहकर निशाना साधना जारी रखा है।

राहुल गांधी पीएम मैटेरियल नहीं- ओवैसी
ओवैसी ने आजतक न्यूज चैनल पर प्रसारित 'पंचायत आजतक गुजरात' कार्यक्रम में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह ठीक चुनावों से पहले तैयारी शुरू करती है और इसलिए अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाती। भारत जोड़ो अभियान पर निकले राहुल गांधी के बारे में ओवैसी ने तंज भरे अंदाज में कहा है कि 'मैं दुआ करूंगा कि जितने भी नेता राहुल गांधी के आसपास हैं, उसमें और इजाफा कर दें, उन्हें दुश्मन की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।' जब कार्यक्रम की एंकर ने उनसे राहुल गांधी को लेकर सीधा सवाल किया तो वो बोले- 'क्या बोलेंगे उनके (राहुल गांधी के) बारे में...क्या बोला जाए..मुझसे क्यों पूछ रही हैं...राहुल गांधी के बारे में तो स्मृति ईरानी बेहतरीन बोल सकती हैं।' फिर उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी आपको पीएम मैटेरियल लगते हैं,तो वे बोले- "नहीं लगते हैं मुझे...खुलकर कह रहा हूं नहीं लगते मुझे। "

आजमगढ़ में क्यों हारी सपा ?- ओवैसी
जब ओवैसी से पूछा गया कि उनपर वोट काटने के आरोप लगते हैं, जिससे कथित तौर पर भाजपा को फायदा होने के दावे किए जाते हैं। इसपर एआईएमआईएम नेता ने कहा कि उनकी पार्टी यूपी के आजमगढ़ उपचुनाव में नहीं लड़ी, फिर समाजवादी पार्टी क्यों हार गई? समाजवादी पार्टी रामपुर सीट कैसे हार गई? उन्होंने आरोप लगाया कि जब ये पार्टियां हारती हैं, तब उन्हें जिम्मेदार ठहराने लगती हैं। ओवैसी ने दावा किया है कि धर्मनिरपेक्ष कही जाने वाली पार्टियां बीजेपी का डर दिखाकर चुनाव लड़ती हैं, जबकि हम उम्मीद दिखाकर चुनाव लड़ते हैं।

नीतीश कुमार नाम की दवाई एक्सपायरी डेट हो चुकी है- ओवैसी
बिहार में भाजपा से गठबंधन तोड़कर वापस लालू यादव के साथ हाथ मिलाने के बाद नीतीश कुमार ने जिस तरह से 2024 के लिए बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकल्प तलाशने का अभियान शुरू किया था, ओवैसी ने उनपर भी करारा हमला किया है। उन्होंने बिहार के सीएम के बारे में यहां तक कह दिया है कि 'नीतीश कुमार तो खत्म हो चुके हैं। नीतीश कुमार नाम की दवाई एक्सपायरी डेट हो चुकी है।' इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को भी मोदी के खिलाफ विपक्ष का उपयुक्त विकल्प मानने से इनकार कर दिया है।

पूरी तरह से हिंदू विचारधारा पर चल रहे हैं केजरीवाल- ओवैसी
ओवैसी ने आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल पर तो और भी जोरदार हमले किए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी संयोजक को छोटा रिचार्ज कहकर तंज कसना जारी रखा है।उन्होंने आरोप लगाया कि वे दिल्ली के मुस्लिम बहुल सीलमपुर इलाके में भाजपा का डर दिखाकर वोट मांगते हैं और दूसरी जगह मोहल्ला क्लिनिक की बात करते हैं। उन्होंने गुजरात चुनाव में भी केजरीवाल की ओर से मुसलमानों के लिए संवेदनशील मुद्दे नहीं उठाए जाने का आरोप लगाकर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के बारे में यहां तक कहा कि 'ये तो कंप्लीट हिंदू आइडियोलॉजी पर चल रहा है ये आदमी'।












Click it and Unblock the Notifications