Mundra Port Heroin: 2988 किलो हेरोइन मामले में NIA ने दूसरा पूरक आरोप पत्र दायर किया
एनआईए ने ईरान से गुजरात भेजी गई हेरोइन के मामले में दूसरा पूरक आरोप पत्र दायर किया है। बता दें कि 2988 किलो से अधिक हेरोइन गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से जब्त की गई थी।

Mundra Port Heroin मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज दूसरा पूरक आरोप पत्र दायर किया। बता दें कि गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर 2988.210 किलोग्राम हेरोइन की जब्ती हुई थी। इस मामले की जांच NIA कर रही है। हेरोइन की यह खेप अफगानिस्तान से भेजी गई थी। भारत आने से पहले हेरोइन की खेप बंदर अब्बास, ईरान होकर आई थी।
11 महीने पहले चार्जशीट
एनआईए ने इस मामले में 16 आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ करीब 11 महीने पहले भी चार्जशीट दायर की गई थी। 14 मार्च, 2022 को आरोप पत्र दायर करने के बाद 09 आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ 29 अगस्त, 2022 को पहला पूरक आरोप पत्र दायर किया गया था।
अब तक 26 लोगों की गिरफ्तारी
समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक 28 सितंबर 2022 तक भारत में हेरोइन के अवैध अंतरराष्ट्रीय व्यापार मामले की जांच के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) 26 लोगों को गिरफ्तार कर चुका है। इन लोगों पर आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने का आरोप है।
Recommended Video
ड्रग तस्करी सिंडिकेट चलाने के आरोप
हेरोइन की जांच का मामला शुरू में डीआरआई, गांधीधाम ने दर्ज किया था। 29 अगस्त 2022 को अहमदाबाद में एनआईए की विशेष अदालत में पूरक आरोप पत्र दायर किया गया था। एनआईए के अनुसार, मामला एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट से संबंधित है। दो अफगान नागरिकों हसन दाद और हुसैन दाद पर ड्रग तस्करी सिंडिकेट चलाने के आरोप हैं। दोनों पर समुद्री मार्ग के माध्यम से कंटेनरों के माध्यम से भारत में हेरोइन से लदी कई खेप पहुंचाने के भी आरोप हैं।
हेरोइन गुजरात के बाद दूसरे शहरों में भी भेजी गई!
NIA के अनुसार हेरोइन को अफगानिस्तान में रिफाइन करने के बाद अर्ध-संसाधित तालक और बिटुमिनस कोयले जैसी अन्य सामग्रियों में छिपाकर गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह लाया गया था। इन खेपों को ट्रकों पर लोड कर गुजरात और कोलकाता के अलावा नई दिल्ली भी भेजा गया।
अफगान नागरिक वांटेड, NIA कर रही है तलाश
एनआईए के अनुसार 'जीसस क्राइस्ट इम्पेक्स' फर्म का इस्तेमाल कर नई दिल्ली में एक अन्य आरोपी कबीर तलवार की फर्म तक हेरोइन को ट्रांसपोर्ट किया गया। इस मामले में डैड ब्रदर्स के नाम से पॉपुलर हसन दाद और हुसैन दाद पर सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट के संचालन का आरोप है। दोनों अफगान नागरिक वांटेड हैं और मुंद्रा मामले में एनआईए की रडार पर हैं।
10 महीने में पांच खेप हेरोइन भारत पहुंची!
NIA की जांच में मादक पदार्थों के तस्करों, अंतरराष्ट्रीय सहायकों/साधनों, नकली/शेल कंपनियों का उपयोग करने वाले आयातकों, वितरकों और स्थानीय थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं के विशाल नेटवर्क का पता चला है। इन लोगों पर आरोप है कि अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात और ईरान सहित कई देशों से विशाल अंतरराष्ट्रीय नशीली दवाओं की तस्करी के रैकेट का संचालन कर रहे हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि नवंबर 2020 से सितंबर 2021 के बीच हेरोइन से लदे सामानों की पांच खेप भारत में आयात की गई।












Click it and Unblock the Notifications