नल से जल योजना: जिलों में हर घर शुद्ध पेयजल मुहैया कराएगी गुजरात सरकार, नर्मदा से भरे 115 बांध
गांधीनगर। पिछले दिनों गुजरात की राजधानी गांधीनगर के बारे में राज्य सरकार ने दावा किया था कि, यह देश का पहला ऐसा शहर है, जहां 100% घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। अब खुद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राज्य में हर घर को नल के जरिए फिल्टर वाला शुद्ध पेयजल पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। रूपाणी ने कहा कि, सरकार सभी के तंदुरुस्त जीवन की कामना करती है। लोग स्वस्थ रहें, इसके लिए पीने का स्वच्छ पानी होना जरूरी है। हम जल जीवन मिशन के अंतर्गत 'नल से जल' योजना के जरिए सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तर गुजरात आदि सभी क्षेत्रों में लोगों तक बढ़िया ताजा पानी पहुंचाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''सरकार राज्य में हर घर को नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाकर फ्लोराइड एवं क्षार मुक्त पानी उपलब्ध कराकर रहेगी। हमें गुजरात को पथरी और हाथी पैर जैसे रोगों से भी मुक्त करना है। इसके अलावा हमने 'सौणी' योजना के जरिए सौराष्ट्र के 115 बांधों में नर्मदा का पानी भरकर अकाल को भूतकाल बना दिया। यह बड़ी बात है कि, इस साल के मानसूनी सीजन में सौराष्ट्र के 115 बांधों में नर्मदा का पानी भर दिया गया।''

मुख्यमंत्री ने गांधीनगर से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सौराष्ट्र के मोरबी शहर को पेजयल की आपूर्ति करने वाली 19 करोड़ रुपए लागत वाली योजना का ई-लोकार्पण भी किया। इसके अलावा ब्राह्मणी 1 और 2 बांध आधारित एनसीडी-4 समूह सुधार की 79 करोड़ रुपए की योजना का भी ई-शिलान्यास किया। रूपाणी ने इसी तरह एक ही दिन में 97 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का तोहफा मोरबी जिले को दिया।


Click it and Unblock the Notifications
