गुजरात में कोरोना से 3864 मौतें बताकर घिरी सरकार, कांग्रेस ने सवाल दागे तो आंकड़ा बताया 10 हजार
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमण के अब तक 8 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। यहां हजारों लोगों की इस महामारी से जानें भी गई हैं। सरकार ने यहां मौतों के जो आंकड़े बताए हैं, उस पर विवाद होता आ रहा है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस कोरोना से 2 लाख से ज्यादा मौतें होना बता रही है। वहीं, भाजपा सरकार कह रही है कि, गुजरात में कोरोना से करीब 10 हजार मौतें हुई हैं। कोरोना महामारी के चलते गुजरात में हुई मौतों को लेकर बीते रोज विधानसभा में राज्य सरकार की ओर से 3864 मौत का आंकड़ा पेश किए जाने पर सरकार खुद ही घिर गई। कांग्रेस विधायकों की ओर से पूछे गए सवाल पर इतने कम आंकड़े पेश किए जाने पर विपक्ष ने सरकार को खूब आड़े हाथ लिया। नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी और उनके साथी विधायकों ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया।

3864 मौतें बताकर सवालों में घिरी गुजरात सरकार
विधानसभा में गलत आंकड़े बताकर भाजपा सरकार ने बाद में गलती मानते हुए स्पष्टता दी। खुद स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने सदन में स्पष्ट किया कि, गुजरात में कोरोना से अब तक कुल 10082 मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विधानसभा में चर्चा के दौरान कई प्रश्नों में सिर्फ डेजिग्नेटेड अस्पतालों में हुई मौत के आंकड़े और कई प्रश्नों में जिलों के मृत्यु के आंकड़े पूछे गए थे। इनमें निजी अस्पताल एवं आइसोलेशन वाले मरीजों के मौत के आंकड़े शामिल नहीं हैं। मंत्री बोले कि, आणंद-जूनागढ़, बनासकांठा, कच्छ, अरवल्ली, साबरकांठा, तापी, वलसाड, दाहोद, पोरबंदर, भरूच, नर्मदा, मेहसाणा, पाटण, छोटा उदेपुर, वडोदरा, बोटाद, भावनगर, देवभूमि द्वारका जिलों में सिर्फ डेजिग्नेटेड अस्पतालों में हुई मौत के आंकड़ों की जानकारी उक्त प्रश्न के जवाब में दी गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, विधानसभा में महानगरपालिका में कोरोना के चलते हुई मौत के आंकड़ों की कोई जानकारी हमसे नहीं मांगी गई थी।

कांग्रेस का दावा- 2 लाख से ज्यादा लोग मरे
उधर, विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि, कोरोना महामारी से गुजरात में 2 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। गुजरात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पिछले दिनों कहा था कि, राज्य सरकार ने कोरोना से मरने वालों के आंकड़े छिपाए हैं। उन्होंने कहा कि, जितनी मौतें हुई हैं..उतनी सरकार मान ही नहीं रही। इसी तरह कई अस्पतालों से प्राप्त रिपोर्ट्स ने सरकार के आंकड़े झुठलाए। राज्य सरकार के आंकड़ों को देखें तो गुजरात में अब तक कोरोना के 8,25,896 मामले सामने आए हैं। जिनमें से 8,15,666 लोग कोरोना से रिकवर हो गए। वहीं, 10,082 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। अब 148 लोग ही एक्विट मरीज हैं।













Click it and Unblock the Notifications