गुजरात: कोरोना की चपेट में सचिवालय के 30 से ज्यादा कर्मचारी, कृषि विभाग के अधिकारी की मौत
गांधीनगर। गुजरात की राजधानी में स्थित गांधीनगर सचिवालय में अब तक 30 से ज्यादा कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। कृषि विभाग के एक अधिकारी की तो जान भी चली गई। जिससे यहां कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। वहीं, सचिवालय में संक्रमित मिलने से यह बात उजागर हो गई है कि, अहमदाबाद व सूरत के बाद गांधीनगर में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि, महामारी से निपटने के लिए सचिवालय सहित गांधीनगर के सभी सरकारी ऑफिसों में सैनेटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग आदि की व्यवस्था करा दी गई हैं। इसके अलावा अब सभी कर्माचारी मास्क का उपयोग करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन कर रहे हैं। मगर, सवाल अभी भी यह उठ रहा है कि, यदि स्वास्थ्य विभाग ने सारी व्यवस्थाएं कर रखी हैं तो कोरोना के मामले यहां क्यों बढ़ते जा रहे हैं। सचिवालय में इतने मामले आने के चलते सभी दफ्तरों में डर का माहौल बन गया है।
गुजरात में कोरोना संक्रमित 66684 हुए
पूरे राज्य में अब कोरोना के मामले बढ़कर 66684 हो गए हैं। सोमवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 1109 नए मरीज पाए गए। लगातार 14वें दिन राज्य में एक हजार से ज्यादा और आठवीं बार 1100 से ज्यादा मामले सामने आए। सोमवार को सबसे ज्यादा 258 नए मरीज सूरत जिले में मिले। अहमदाबाद में 151, वडोदरा में 98, राजकोट में 85, भावनगर में 47, जामनगर में 34, दाहोद में 29 और मेहसाणा में 26, जूनागढ़ में 21 नए मरीज मिले।












Click it and Unblock the Notifications