बॉर्डर पर 20 फौजियों की शहादत के बाद गम-गुस्से का उबाल, लोग चीन के सामानों को फूंक रहे
अहमदाबाद। लद्दाख में गलवान घाटी के पास 15-16 जून की रात चीनी सैनिकों से टकराव में 20 भारतीय फौजी शहीद हो गए। इस घटना के बाद से देशभर में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। लोगों में गम-गुस्से का उबाल पनप रहा है। चीन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। गुजरात में अहमदाबाद की सड़कों पर लोग चीनी सामान का बहिष्कार करते देखे गए। लोगों ने चीनी सामान और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के पुतले जलाए।

चीन के खिलाफ नारेबाजी, फूंका जा रहा सामान
यहां कई जगहों पर चीन के खिलाफ नारेबाजी हो रही है। लोग हाथों में पोस्टर लिए चीन को सबक सिखाने की मांग कर रहे हैं। शहर में कई लोग चीनी सामान का बहिष्कार करने की अपील कर रहे हैं। काफी लोगों ने चीनी सामान को घरों से निकालकर विरोध दर्ज किया। लोगों ने चीनी मोबाइल फोन, लड़ियां और रिमोट आदि में आग लगा दी।

सड़कों पर चीन के झंडे भी जलाए जा रहे
चीन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों कहना है कि 'उसने हमें धोखा दिया है। भारत हर साल अरबों डॉलर का चीनी सामान खरीदता है, ताकि देानों देशों के रिश्ते बने रहें। मगर, उसने हर बार धोखा दिया। अब उम्मीद करते हैं कि सरकार और सेना मुंहतोड़ जवाब देगी।' इस दौरान कई लोग चीन के झंडे फूंकते भी देखे गए।

फेसबुक-ट्विटर पर बायकॉट की मुहिम
न्यूज एजेंसी एएनआई ने तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि, अहमदाबाद के बापू नगर में लोगों ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के फोटो जलाए हैं। लोग चीन के सामान को भी सड़क पर रखकर जला रहे हैं। वहीं, फेसबुक-ट्विटर पर भी लोग चीनी प्रोडक्ट का बायकॉट करने की मुहिम चला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications